Train Bomb Threat: मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन (नं. 12809) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी सुबह करीब 4 बजे मिली, जिसमें कहा गया था कि ट्रेन में टाइमर बम रखा गया है। आनन-फानन में ट्रेन को जलगांव स्टेशन पर रोका गया और दो घंटे तक गहन जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

धमकी सोशल मीडिया के जरिए दी गई थी, जिसमें एक अकाउंट ‘फजलुद्दीन’ ने लिखा, “क्या रे हिंदुस्तानी रेलवे, आज सुबह खून के आंसू रोओगे। फ्लाइट और 12809 ट्रेन में बम रखा गया है। नासिक से पहले बड़ा धमाका होगा।”

मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही फ्लाइट को भी मिली बम धमकी

इसी तरह, आज सुबह मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे एयर इंडिया के विमान को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। विमान को तुरंत दिल्ली डायवर्ट किया गया, जहां इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

हाल की रेल दुर्घटनाएं और साजिशें

कुछ दिनों पहले मैसूर से दरभंगा जा रही बागमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस एक खड़ी ट्रेन से टकरा गई थी, जिससे 12 डिब्बे पटरी से उतर गए थे और 19 लोग घायल हो गए थे। इसके अलावा, इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस को भी दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश की गई थी, जब पटरी पर बड़ा पत्थर रख दिया गया था। पायलट की सतर्कता से ट्रेन को बचा लिया गया।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।