टीआरपी डेस्क। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 19,919 करोड़ रुपये के चार महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इन फैसलों का सीधा लाभ महाराष्ट्र, गुजरात और देशभर के यात्रियों को मिलेगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ये प्रोजेक्ट्स कनेक्टिविटी बढ़ाने, यात्रियों का समय बचाने और देश की तकनीकी क्षमता मजबूत करने के लिए गेम चेंजर साबित होंगे।

पुणे मेट्रो को अब तक का सबसे बड़ा विस्तार बजट
कैबिनेट ने पुणे मेट्रो फेज-1 के विस्तार के लिए 9,858 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें 32 किलोमीटर का नया नेटवर्क खराड़ी–खड़कवासला और नल स्टॉप–मणिक बाग तक विकसित होगा। इस विस्तार के बाद पुणे मेट्रो का नेटवर्क 100 किलोमीटर से भी आगे निकल जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम से जूझ रहे शहरवासियों को राहत मिलेगी।

REPM स्कीम
सरकार ने 7,280 करोड़ रुपये की रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट स्कीम को हरी झंडी दी है। इसका उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन और हाईटेक मशीनों में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख मैग्नेट अब भारत में ही तैयार करना है। इससे चीन समेत अन्य देशों पर निर्भरता कम होगी और भारत तकनीकी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा।

ओखा–कनालूस रेल लाइन होगी डबल, बढ़ेगी द्वारका कनेक्टिविटी
गुजरात में श्रद्धालुओं और व्यापारियों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने 159 किलोमीटर लंबी ओखा–कनालूस लाइन के दोहरीकरण पर 1,457 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके बाद द्वारका जाने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ सकेगी और मालगाड़ियां भी तेज रफ्तार से चल पाएंगी। यह प्रोजेक्ट क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बदलापुर–कर्जत के बीच नई लाइनें, मुंबई लोकल को मिलेगी बड़ी राहत
मुंबई और आसपास के इलाकों में लोकल ट्रेन यात्रियों की परेशानियों को कम करने के लिए बदलापुर–कर्जत के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन के निर्माण को मंजूरी दी गई है। 1,324 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से लोकल और मालगाड़ियों का संचालन अलग-अलग ट्रैकों पर होगा, जिससे ट्रैफिक कम होगा और ट्रेनें समय पर चल सकेंगी।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।