उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वाराणसी से मेरठ जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22489) पर अचानक पथराव हो गया। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए क्योंकि इसी ट्रेन के E-1 कोच में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत सफर कर रहे थे।

C-4 कोच का शीशा चटका, संघ प्रमुख थे सवार
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 3:20 बजे जब ट्रेन चांदमारी और कौढ़ा स्टेशन के बीच से गुजर रही थी, तभी एक पत्थर ट्रेन के C-4 कोच की खिड़की से टकराया। पत्थर लगने से खिड़की का शीशा बुरी तरह चटक गया। गनीमत रही कि संघ प्रमुख मोहन भागवत दूसरे कोच (E-1) में बैठे थे, जिससे वे पूरी तरह सुरक्षित रहे।

क्या बच्चों ने खेल-खेल में फेंका पत्थर?
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुँच गईं। शुरुआती जांच के बाद सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास 8 से 13 साल के बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि खेल के दौरान गलती से कोई पत्थर ट्रेन से जा टकराया। पुलिस बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने गश्त बढ़ा दी है। हालांकि पुलिस इसे महज बच्चों की शरारत या हादसा मान रही है, लेकिन हाई-प्रोफाइल मुसाफिर की मौजूदगी के कारण मामले की गहनता से कानूनी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक ट्रेन को सुरक्षा घेरे में आगे के लिए रवाना किया गया।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।