कांकेर/बीजापुर। कांकेर जिले में तीन और बीजापुर में एक ग्रामीण को नक्सलियों ने मौत के घाट उतारा है। घटना की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंची है। आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए प्रथम चरण का मतदान 7 नवंबर को होना है। चुनाव आयोग के निर्देश पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान की तैयारियां पूरी की जा रही है। वहीं नक्सली चुनाव का लगातार बहिष्कार रहे हैं। नक्सलियों द्वारा मतदान दल के साथ ही मतदाताओं को मतदान नहीं करने की धमकी दी जा रही है। चुनाव बहिष्कार में जुटे नक्सलियों ने दहशत फैलाने के लिए बस्तर में आज जमकर उत्पात मचाया है।

कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में तीन ग्रामीणों की हत्या की है। बताया जा रहा कि चार दिनों पहले नक्सली ग्रामीणों को घर से उठाकर ले गए थे। आज मुरखोंडी गांव के पास तीनों का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है । ग्रामीण शव को लेकर थाने पहुंचे हैं. मारे गए ग्रामीणों में कुल्ले कतलामी 35 वर्ष, मनोज कोवाची 22 वर्ष, डुग्गे कोवाची 27 वर्ष सभी मृतक मोरखंडी, तहसील पखांजूर के रहने वाले हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही।

See also  School Admission: आज से शुरू हुई अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में आवेदन की प्रक्रिया, Online कर सकते हैं आवेदन

वहीं बुधवार की दरमियानी रात ग्राम गलगम निवासी मुचाकी लिंगा पिता मल्ला की अज्ञात माओवादियों ने रस्सी से गला घोंटकर हत्या की है । हत्या के बाद शव को नड़पल्ली एवं गलगम के बीच रोड किनारे फेंका गया. माओवादियों ने ग्रामीण पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद पुलिस बल का आसपास के क्षेत्र में सघन सर्च अभियान जारी है।