श्याम वेताल
इसमे तनिक भी संदेह नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में बड़े पैमाने पर बड़े -बड़े लोगों द्वारा किये जा रहे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है लेकिन यह भी सच्चाई है कि यह अंकुश सिर्फ उन्ही पर लग पाया है जो सत्ता में बैठे थे या सत्ता के करीबी थे। कानून के हाथ अभी तक मात्र ऐसे ही सफेदपोशों तक पहुंच सके हैं जो अपने भ्र्ष्ट आचरण से करोडो – अरबों रुपये अपनी तिजोरियां में भर रहे थे क्योकि सरकार के कायदे – कानून उनकी जेब में थे।

नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी प्राथमिकताओं में भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया था। वे अपने इस संकल्प को पूरा करने में जुटे हुए हैं लेकिन दिल्ली अभी बहुत दूर है। ई डी और आई टी विभाग के जरिये जो लोग अभी तक कानून की ज़द में आये हैं उनकी संख्या बहुत कम है इसलिए मोदी जी को बहुत खुश होने की जरूरत नहीं है।

See also  Controversial Tweet : भारत में जातिगत हिंसा भड़काने की कोशिश में USA ? पीटर नवारो के पोस्ट से उठा सवाल…


प्रधानमंत्री मोदी ने अभी हाल में ही संसद में कहा था कि देश को लूटने नहीं दिया जायेगा और जो लूटा है उसे लौटाना पड़ेगा। मोदी जी का पहला लक्ष्य ऐसे ही भ्रष्ट आचरण वाले बड़े लोग थे जो देश की बड़ी संपत्ति को लूट रहे थे और जिन पर हाथ डालने से सरकार का दबदबा बनता हो ,सनसनीखेज़ ख़बर बनती हो और जिसकी पूरे देश में चर्चा हो।


….. लेकिन मोदी जी भ्रष्टाचार सिर्फ इतने तक ही सीमित नहीं है। भ्रष्टाचार ऊपर है तो नीचे भी है और ऊपर और नीचे के बीच में भी है। छोटे -छोटे सरकारी दफ्तरों तक में भ्रष्टाचार बदस्तूर जारी है और उसे ऐसे नज़रअंदाज़ किया जाता है मानो वह शिष्टाचार हो। ये सरकारी दफ्तर पुलिस थाना भी हो सकता है , नगर निगम का कार्यालय भी हो सकता है , सरकारी अस्पताल या आम जनता की आवश्यकता का कोई भी सरकारी महकमा हो सकता है। भ्रष्टाचार इन सभी दफ्तरों में कुंडली मार कर बरसों से बैठा हुआ है और न जाने कब तक बैठा रहेगा ? सिस्टम को कितना भी ऑनलाइन कर दिया जाय , भ्रष्टाचार के आचार्य एवं पंडित काली – कमाई का रास्ता बना ही लेते हैं।

See also  सरकार का दावा और खतरे में खेती


वास्तव में देखा जाय तो आम जनता को इस खबर से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि अमुक नेता के यहाँ छापे में 100 करोड़ या हज़ार करोड़ मिले। यह खबर आम आदमी के लिए मात्र सनसनी है या चर्चा का विषय हो सकती है। चर्चा भी भी सिर्फ दो तीन दिनों की , चौथे दिन तो वह भूल जायेगा और चर्चाएं भी ख़त्म हो जाएँगी।

इसके अलावा , क्या मोदी जी राजनीति में भ्रष्टाचार को ख़त्म कर पाएंगे ? चुनाव कितने महंगे हो गए हैं , और दिन प्रति दिन महंगे ही होते जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने खर्च सीमा भले तय कर रखी हो , कोई प्रत्याशी उसका पालन करता है ? जो प्रत्याशी चुनाव में जितना खर्च करता है जीत जाने के बाद खर्च से 50 गुना ज्यादा कमाने की इच्छा रखता है और उसे पूरा करने की पूरी कोशिश भी करता है। क्या महात्मा बनकर ये संभव है ? कदाचित नहीं। वह बेईमानी करेगा , भ्रष्टाचार करेगा। मोदी जी ! आपसे तो यह संभव है लेकिन औरों का क्या ? आज राजनीति व्यापार बन चुका है और यह मामूली व्यापार नहीं बल्कि हज़ार परसेंट मुनाफ़े का व्यापार।

See also  कलेक्टर्स का एटीएम बनता डीएमएफ

अब बड़ा सवाल है कि क्या मोदी जी अपने प्रधानमंत्री रहते भ्रष्टाचार के पेड़ के तने और जड़ पर प्रहार कर इसका उन्मूलन कर सकेंगे क्योंकि अभी तक आपने इस पेड़ ऊपरी हिस्से के सड़ रहे फलों को ही साफ किया है , तने और जड़ को हाथ भी नहीं लगाया है। आपका ध्यान भी उस ओर ही है जिससे नाम हो , प्रसिद्धि मिले और वाहवाही हासिल हो क्योंकि इससे राजनीति में बहुत फायदा होता है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू
 पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।