कोरिया। जिले की पुलिस ने दोहरा हत्या कांड में खुलासा करते हुए हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को आधा गंजा कर उनका जुलूस निकाला। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से ‘पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है’ भी बुलवाया।
आग से जले मिले मिले थे पति-पत्नी
दरअसल, 14 अक्टूबर 2025 की रात बचरापोंडी चौकी को सूचना मिली कि ग्राम बड़े साल्ही में रायराम केंवट के घर में आग लगी है. पुलिस मौके पर पहुंची तो घर पूरी तरह जल चुका था। रायराम की मौत हो चुकी थी, जबकि उनकी पत्नी पार्वती बाई गंभीर रूप से झुलसी हुई मिली।
घटना को लेकर हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने जब जांच शुरू की तो घर में मिले पेट्रोल की गंध और पार्वती बाई के बयान से शक गहराया कि यह हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
संयुक्त जांच टीम का गठन
आईजी दीपक कुमार झा और एसपी रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में बैकुंठपुर कोतवाली, पोड़ी बचरा और सायबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई.
दामाद ने रचा था षड्यंत्र
जांच में खुलासा हुआ कि रायराम का दामाद सुरेश ठाकुर उर्फ कानपुरिया, निवासी विनोवा नगर (कानपुर देहात), ने अपने साथी प्रदीप बैरागी (मंडला, मप्र) के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. तीसरे आरोपी सहदेव सूर्यवंशी ने दोनों को छिपने में मदद की।
सायबर सेल की लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा महाराष्ट्र तक किया। जब वे कोरिया लौट रहे थे, तब थाना रतनपुर प्रभारी संजय राजपूत और टीम ने उन्हें रतनपुर-कटघोरा मार्ग से दबोच लिया।
पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने खड़गवां से पेट्रोल खरीदा और रात में रायराम के सोते समय उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसी दौरान पत्नी पार्वती बाई भी झुलस गईं। तलाशी में देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई।
एसपी रवि कुमार कुर्रे ने कहा कि इस केस को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। मुख्य आरोपी के पास हथियार भी मिला, जिससे ये साफ हुआ कि आगे और बड़ी घटना की योजना थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
आरोपियों का जुलूस पुलिस लाइन बैकुंठपुर से कुमार चौक तक निकाला गया। मौके पर भारी भीड़ जुटी और आरोपियों से यह नारा लगवाया कि ‘पुलिस हमारी बाप है, अपराध करना पाप है।’


