‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फाउंडर अभिजीत दिपके ने एक ऐसा वीडियो जारी किया है, जिसने देश के सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। दिपके ने ऐलान किया है कि वे आगामी 6 जून को विदेश से भारत वापस लौट रहे हैं। भारत आते ही वे नीट (NEET) परीक्षा विवाद और पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में एक बड़ा और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने जा रहे हैं।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर अपने समर्थकों और देश के लाखों परेशान छात्रों से दिल्ली पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 6 जून की सुबह वे दिल्ली एयरपोर्ट उतरेंगे, जहां उन्होंने युवाओं से जुटने की गुजारिश की है। इसके बाद वे अपने समर्थकों के साथ सीधे संसद मार्ग थाने जाएंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन के लिए आधिकारिक अनुमति मांगेंगे।
‘चाहता तो विदेश में नौकरी करता, लेकिन छात्रों के लिए लौट रहा हूं’
अभिजीत दिपके ने अपने वीडियो में भावुक और आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा: “अब वक्त आ गया है कि हम सब एक साथ आएं। संविधान के रास्ते पर चलते हुए शांति से अपनी बात रखें और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करें। अगर हम मिलकर बोलेंगे तो सरकार को सुनना ही पड़ेगा। मैं चाहता तो विदेश में आराम की नौकरी कर सकता था, लेकिन देश के लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर है, इसलिए मैंने भारत लौटने का फैसला किया है।”
Important announcement:
— Cockroach is Back (@Cockroachisback) June 1, 2026
CJP Founder @abhijeet_dipke will return to India on June 6 for a peaceful protest at Jantar Mantar, Delhi, demanding the resignation of the Education Minister. pic.twitter.com/x9M1v38Pwu
क्या हैं मांगें?
शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और देशव्यापी विवाद के बाद शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेने की मांग की जा रही है।
लाखों लोगों का समर्थन: दिपके ने दावा किया कि इस्तीफे की मांग को लेकर चलाई जा रही ऑनलाइन याचिका को लाखों युवाओं का समर्थन मिल चुका है।
गिरफ्तारी का डर नहीं: दिपके ने साफ किया कि उनके परिवार और परिचितों को आशंका है कि दिल्ली पहुंचते ही उन्हें पुलिस हिरासत में ले सकती है, लेकिन उन्हें देश के संविधान और लोकतंत्र पर पूरा भरोसा है।


