रायपुर/कोरबा। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने आज सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो जारी करते हुए बालको प्रबंधन की कर्मचारी और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 13 मार्च को वे कोरबा स्थित बालको क्षेत्र में “खटिया खड़ी आंदोलन” में शामिल होने के लिए स्वयं पहुंचेंगे।

अमित जोगी ने अपने संदेश में कहा कि यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि बालको के कर्मचारी और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई है। इस आंदोलन का नेतृत्व स्वयं कर्मचारी और मजदूर करेंगे तथा उनके साथ न्याय दिलाने के लिए वे उनके बीच उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बालको प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कर्मचारियों और मजदूरों के साथ अन्यायपूर्ण नीतियां जारी रहीं, तो इस बार आंदोलन और भी मजबूती से खड़ा होगा। उन्होंने कहा, “हम इस बार डटकर खड़े रहेंगे, पीछे नहीं हटेंगे और आपकी मजदूर विरोधी नीतियों की खटिया खड़ी कर देंगे।”

See also  Renaming Round Table Conference Held In Delhi- नए संसद भवन को अम्बेडकर तो छग. विस. को मिनी माता करने की मांग

अमित जोगी ने बालको के कर्मचारियों, मजदूरों और क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करें, ताकि प्रबंधन को श्रमिकों के हितों की अनदेखी करने से रोका जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा, लेकिन श्रमिकों के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।