रायपुर। भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पार्टी के कोर ग्रुप से हटाया गया है। इस सन्दर्भ में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन में समय-समय पर बदलाव होते रहते हैं। वे स्वयं 10 साल तक कोर ग्रुप में रहे और अब नए लोगों को मौका दिया गया है, जो एक सामान्य प्रक्रिया है।

संगठन में कोई भी नई जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि फिलहाल वे सांसद हैं और लोकसभा की 6 समितियों के सदस्य हैं। पार्टी आगे जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाते रहेंगे।

कांग्रेस के बयान का इस तरह दिया जवाब

कांग्रेस द्वारा “सौतेला व्यवहार” किए जाने के बयान पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उनके साथ कोई सौतेला व्यवहार नहीं कर सकता और जब तक वे सक्रिय हैं, कोई उन्हें किनारे नहीं कर सकता।

नई पीढ़ी को संगठन में मौका मिलने पर उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जिंदगी भर पद पर नहीं रहता। समय के अनुसार बदलाव होते रहते हैं और जिसकी जैसी उपयोगिता होती है, वह फिर वापसी भी करता है।

See also  17 अप्रैल को सरकार ने सार्वजनिक अवकाश का किया ऐलान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के इस बयान पर कि “बीजेपी ढाई साल में कुछ काम नहीं कर पाई” पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी 24 घंटे और 12 महीने सक्रिय रहने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि इसका परिणाम बंगाल और असम चुनाव में देखने को मिला। कांग्रेस को उन्होंने “कागजी शेर” बताते हुए कहा कि बीजेपी काम करती है, इसलिए जनता उसे सत्ता सौंपती है।

बीजेपी सांसद बृज मोहन अग्रवाल ने बीजेपी कार्यसमिति की बैठक को लेकर कहा कि पार्टी की सामान्य बैठकें सालभर चलती रहती हैं। चुनाव के बाद आयोजित कार्यसमिति की बैठक में आगामी 6 महीने और 1 साल की रणनीति तय की जाएगी। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह बैठक कार्यकर्ताओं को आने वाले समय के लिए संदेश देने के उद्देश्य से हो रही है।

नीट पेपर लीक को दुखद बताते हुए उन्होंने कहा कि जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और जांच तेजी से पूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसी भी दोषी को नहीं छोड़ेगी।

See also  अरविंद केजरीवाल ने AAP संगठन में किए अहम बदलाव, नए प्रभारियों की सूची जारी