INDIA GROUP

नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ की मुंबई में होने वाली बैठक से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पीएम कैंडीडेट बनाने की मांग उठ रही है। आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, “अगर आप मुझसे पूछें, तो मैं चाहूंगी कि अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनें।”

केजरीवाल की प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी के पक्ष में तर्क देते हुए आप प्रवक्ता ने कहा, “इतनी कमरतोड़ महंगाई में भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महंगाई सबसे कम है। मुफ्त पानी, मुफ्त शिक्षा, मुफ़्त बिजली, महिलाओं के लिए मुफ़्त बस यात्रा, बुज़ुर्गों के लिए मुफ़्त तीर्थ यात्रा, फिर भी सरप्लस बजट पेश किया गया है।”

‘मोदी के पास इकोनॉमिक विजन नहीं’

आप प्रवक्ता ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के पास आर्थिक विजन नहीं है। यहां मैन्युफैक्चरिंग माइनस में चली गई है। अरविंद केजरीवाल के विजन के तहत इंडिया मैन्युफैक्चरिंग हब होगा। लाइसेंस राज खत्म होगा। व्यापारियों के लिए बिजनेस करने के अच्छे मौके होंगे। शिक्षा इतनी अच्छी होगी कि बच्चे आविष्कार करने के बारे में सोचेंगे। विदेशों से लोग डॉलर खर्च करके भारत में पढ़ने आएंगे। हम एक ऐसा इंडिया चाहते हैं।”

See also  आदिवासियों को मिला जमीन अदला-बदली का अधिकार

कक्कर ने कहा, केजरीवाल लगातार लोगों के मुद्दे उठाते रहे हैं और वे पीएम मोदी के खिलाफ चुनौती देने वाले के तौर पर उभरे हैं। उन्होंने मुखर तौर पर अपनी बात रखी है। बता दें कि विपक्षी गठबंधन INDIA की मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को तीसरी बैठक होने जा रही है। बैठक में 26 पार्टियों के इस गठबंधन का संयोजक बनाने पर चर्चा की जाएगी। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल को पीएम पद का उम्मीदवार बनाने की मांग रख दी है।