टीआरपी डेस्क। Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 44 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने इस बार कई पुराने चेहरों को बदलकर नए प्रत्याशियों पर भरोसा जताया है।

गोपालपुर सीट से मौजूदा विधायक गोपाल मंडल का टिकट काटते हुए उनकी जगह बुलो मंडल को उम्मीदवार बनाया गया है। बताया जा रहा है कि गोपाल मंडल द्वारा हाल ही में सीएम हाउस के सामने किए गए प्रदर्शन के बाद पार्टी नेतृत्व उनसे नाराज़ था।

दूसरी सूची में सामाजिक संतुलन का खास ध्यान रखा गया है। जदयू ने कुल 101 प्रत्याशियों में से पिछड़े वर्ग से 37, अतिपिछड़ा वर्ग से 22, सामान्य वर्ग से 22, अनुसूचित जाति से 15, अल्पसंख्यक समुदाय से चार और अनुसूचित जनजाति से एक उम्मीदवार को टिकट दिया है। इनमें कुल 13 महिलाएं भी शामिल हैं।

पार्टी ने कुशवाहा समाज से 13, कुर्मी समाज से 12, राजपूत समाज से 10, भूमिहार समाज से 9, जबकि यादव और धानुक समाज से 8-8 प्रत्याशियों को मौका दिया है।

जदयू की इस सूची में मंत्री विजेंद्र यादव, लेशी सिंह, शीला मंडल, कलाधर मंडल और सुमित सिंह जैसे दिग्गज नेताओं के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि जिन सीटों को लेकर पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के साथ तालमेल की चर्चा थी, उन पर भी जदयू ने अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं।

कदवा सीट से पूर्व सांसद दुलाल चंद गोस्वामी को टिकट दिया गया है, जबकि नवादा से पूर्व मंत्री राजवल्लभ यादव की पत्नी और मौजूदा विधायक विभा देवी को प्रत्याशी बनाया गया है। निर्दलीय विधायक से मंत्री बने सुमित सिंह को चकाई से फिर से मैदान में उतारा गया है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।