BJP's 43rd Foundation Day - बीजेपी का 6 अप्रेल को 43वां स्थापना दिवस, पीएम मोदी करेंगे संबोधित
BJP's 43rd Foundation Day - बीजेपी का 6 अप्रेल को 43वां स्थापना दिवस, पीएम मोदी करेंगे संबोधित

टीआरपी डेस्क

भाजपा छह अप्रैल को पार्टी का 43वां स्थापना दिवस मनाएगी। पार्टी ने छह अप्रैल से बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक सप्ताह भर चलने वाले सामाजिक समरसता अभियान की योजना बनाई है। इस मौके पर पीएम नरेन्द्र मोदी भाजपा नेताओं को संबोधित करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सभी प्रदेश अध्यक्षों और पार्टी नेताओं को सामाजिक समरसता सप्ताह में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए पत्र लिखा है। नड्डा ने पत्र जारी करने के साथ ही इस दौरान चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी सभी प्रदेश अध्यक्षों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की है।

बता दें कि छह अप्रैल की सुबह पीएम मोदी के संबोधन के लिए भाजपा ने पत्र के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि राज्य, जिला, मंडल, बूथ स्तर के कार्यालयों में इकट्ठा होकर प्रधानमंत्री के संदेश को सुना जाए। पार्टी ने राज्य इकाइयों से कहा है कि हर बूथ पर बूथ कमेटियों और पन्ना प्रमुखों को पीएम का भाषण सुनना चाहिए और सभी बूथ अध्यक्षों को अपने-अपने घरों पर भाजपा के झंडे लगाने चाहिए।

पार्टी ने कार्यकर्ताओं को दिया निर्देश

पार्टी ने निर्देश दिया है कि भाजपा कार्यकर्ता 14 अप्रैल तक पीएम के भाषण के बाद पार्टी के इतिहास और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर गोष्ठी और परिचर्चा आयोजित करें।पार्टी के पदाधिकारियों और सभी सांसदों और विधायकों को स्थापना दिवस कार्यक्रमों में भाग लेना, एक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम तीन कार्यक्रम आयोजित करना और फोटो इंटरनेट मीडिया पर साझा करना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को बूथ स्तर के कार्यक्रमों में उनकी तस्वीर लगाकर मनाने के निर्देश दिए हैं।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।