शनिवार, 24 अक्तूबर 2026 शनि, 24 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
राजनीति

CG Congress: स्मृति इरानी के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस का बड़ा हमला-500 रुपये में सिलेंडर और 13 रुपये की शक्कर का इंतजार कर रही जनता

Smriti Irani Chhattisgarh Visit: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी के रायपुर आगमन पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त प्रभारी का छत्तीसगढ़ में स्वागत है, लेकिन इस दौरे के दौरान उन्हें राज्य में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के […]

सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा में गुटबाजी, भ्रष्टाचार और 500 रुपये के गैस सिलेंडर जैसे वादों को लेकर सवाल उठाए।
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Smriti Irani Chhattisgarh Visit: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी के रायपुर आगमन पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त प्रभारी का छत्तीसगढ़ में स्वागत है, लेकिन इस दौरे के दौरान उन्हें राज्य में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के भारी असंतोष का सीधा सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।

सुशील आनंद शुक्ला ने सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़वासियों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। अपने पौने तीन सालों के कार्यकाल में सरकार ने जनता का विश्वास पूरी तरह से खो दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन में भ्रष्टाचार हावी हो चुका है और सत्ता में बैठे लोगों का मुख्य लक्ष्य केवल कमीशनखोरी बनकर रह गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्मृति इरानी इस दौरे में सरकार को उसके संवैधानिक कर्तव्य याद दिलाएंगी।

मंत्रियों में आपसी खींचतान और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा

कांग्रेस संचार प्रमुख ने कहा कि नए प्रभार के रूप में स्मृति इरानी के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रदेश भाजपा के भीतर पनप रही गुटबाजी को संभालना होगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार के मंत्रियों के बीच आपसी तालमेल की भारी कमी है और कई मंत्री बगावती तेवर में हैं। वरिष्ठ नेताओं व विधायकों की उपेक्षा की जा रही है तथा निष्ठावान पार्टी कार्यकर्ताओं की सुनवाई न होने से उनमें गहरा असंतोष व्याप्त है।

बढ़ती महंगाई और पुराने आंदोलनों की याद

कांग्रेस संचार प्रमुख शुक्ला ने याद दिलाया कि स्मृति इरानी अतीत में बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शनों के लिए चर्चित रही हैं। जब रसोई गैस सिलेंडरों के दाम बढ़े थे, तब सिलेंडर उठाकर किए गए उनके प्रदर्शन की तस्वीरें व्यापक रूप से चर्चा में आई थीं। आज जब देश में गैस, खाद्य तेल, शक्कर, राशन, कपड़ा और दवाइयों के दाम आसमान छू रहे हैं, तो उन्हें छत्तीसगढ़ की धरती से महंगाई पर भी अपनी बात रखनी चाहिए।

‘मोदी की गारंटी’ और 500 रुपये के सिलेंडर पर घेरा

सुशील आनंद शुक्ला ने चुनावी वादों को याद दिलाते हुए कहा कि ‘मोदी की गारंटी’ के तहत भाजपा ने महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। उन्होंने स्मृति इरानी से आग्रह किया कि वे राज्य की हर महिला को 500 रुपये में सिलेंडर, 35 रुपये में पेट्रोल-डीजल और 13 रुपये किलो में शक्कर दिलवाने की दिशा में कदम उठाएं। छत्तीसगढ़ की जनता यह जानना चाहती है कि ये वादे कब पूरे होंगे, जिसका जवाब स्मृति इरानी को देना होगा।

Shravan Sharma
लेखक / पत्रकार:

Shravan Sharma

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन