बुधवार, 28 अक्तूबर 2026 बुध, 28 अक्तू॰ |
संस्करण:
ब्रेकिंग न्यूज़
राजनीति

CG News: कवर्धा में बैगा बच्चों की मौत पर बिफरी कांग्रेस, दीपक बैज बोले– ‘आदिवासी सीएम के राज में कुपोषण से जा रही जान’

Baiga Tribe Malnutrition: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। रायपुर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि कवर्धा जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंदनी कुमान में कुपोषण और एनीमिया की वजह से संरक्षित बैगा जनजाति के 5 बच्चों की मौत […]

रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरकार पर आरोप लगाते छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज।
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

Baiga Tribe Malnutrition: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। रायपुर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि कवर्धा जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंदनी कुमान में कुपोषण और एनीमिया की वजह से संरक्षित बैगा जनजाति के 5 बच्चों की मौत हो चुकी है। बैज ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव के साथ खुद इलाके का दौरा किया, जहां हालात बेहद चिंताजनक पाए गए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जानकारी दी कि कुपोषण और एनीमिया से गंभीर रूप से पीड़ित 13 बच्चे फिलहाल बोडला उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं। इसके अलावा 10 से अधिक पीड़ित बच्चे अब भी गांव में ही मौजूद हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल नहीं लाया गया है। स्थानीय निवासियों से बातचीत के बाद यह बात सामने आई है कि पूरा क्षेत्र इस समय कुपोषण, एनीमिया, डायरिया और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों की चपेट में है।

जमीनी हकीकत पर सवाल और सरकार की अनदेखी

दीपक बैज ने कहा कि पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र में मलेरिया और डायरिया के कारण बैगा समुदाय के कई लोगों ने जान गंवाई थी। इसके बावजूद नंदनी कुमान और आसपास के गांवों में आज तक पीने के साफ पानी की व्यवस्था नहीं हो सकी है। क्षेत्र में न तो मेडिकेटेड मच्छरदानियों का वितरण किया गया और न ही टीकाकरण अभियान सही ढंग से चलाया गया, जिसके चलते बच्चे खसरे जैसी बीमारियों से भी जूझ रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र की स्थिति पर खड़े किए सवाल

कांग्रेस अध्यक्ष ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह वनांचल क्षेत्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का निर्वाचन क्षेत्र है। संरक्षित बैगा जनजाति के विकास के लिए सरकार द्वारा विशेष योजनाएं चलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद बच्चे कुपोषण का शिकार होकर दम तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के लिए भी आत्मचिंतन का विषय है कि उनके शासन में आदिवासी समाज को आखिर क्या लाभ मिल रहा है।

परिजनों के लिए मुआवजे और एनआरसी केंद्र की मांग

दीपक बैज ने कांग्रेस शासनकाल का हवाला देते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने विशेष अभियान चलाकर राज्य को कुपोषण और बीमारियों से मुक्ति दिलाई थी। उन्होंने मांग की कि जिन मासूम बच्चों की मौत कुपोषण से हुई है, उनके परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही, पीड़ित बच्चों के गांव में ही इलाज के लिए तत्काल कुपोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) की स्थापना की जाए।

धान की प्रति क्विंटल ₹3358 दर से भुगतान की मांग

पत्रकार वार्ता के दौरान दीपक बैज ने साय मंत्रिमंडल के धान खरीदी से जुड़े हालिया फैसलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रति एकड़ के हिसाब से आदान सहायता देने का दावा किसानों को ठगने का प्रयास है। चुनाव के समय 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्त भुगतान का वादा किया गया था। कांग्रेस की मांग है कि बढ़ते एमएसपी (MSP) को जोड़कर किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का भुगतान किया जाए।

आदान सहायता में कटौती का लगाया आरोप

दीपक बैज ने आंकड़ों का गणित समझाते हुए कहा कि साल 2023-24 में राज्य सरकार 917 रुपये प्रति क्विंटल आदान सहायता देती थी, जो अब घटकर 659 रुपये प्रति क्विंटल रह गई है। यानी इसमें प्रति क्विंटल 258 रुपये की कमी आई है, जो 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से सीधे 5,418 रुपये प्रति एकड़ का नुकसान है। उन्होंने इसे किसानों के हक पर डाका करार दिया और 15 नवंबर से शुरू हो रही धान खरीदी से पहले दीपावली पर किसानों को अग्रिम भुगतान करने की मांग रखी।

किसानों के हित में कांग्रेस की प्रमुख मांगे

कांग्रेस ने सरकार के समक्ष मांग रखी है कि पंजीकृत किसानों से पूरे 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीदा जाए और जबरिया रकबा समर्पण या फर्जी गिरदावरी से कटौती बंद की जाए। पंचायतों में तुरंत नकद भुगतान केंद्र खोले जाएं। इसके साथ ही, किसानों के बकाया 6,066 करोड़ रुपये का भुगतान दीपावली से पहले किया जाए ताकि अन्नदाता अपना त्योहार खुशी से मना सकें।

दिल्ली में 1 नवंबर को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली

राष्ट्रीय राजनीति पर बात करते हुए दीपक बैज ने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस और इंडिया (INDIA) गठबंधन द्वारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस विशाल प्रदर्शन में देशभर से लगभग 10 लाख लोग जुटेंगे, जो मुख्य चुनाव आयुक्त और केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।

छत्तीसगढ़ से हजारों कार्यकर्ता दिल्ली होंगे रवाना

दीपक बैज ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ट्रेन, बस, हवाई मार्ग और निजी वाहनों के जरिए दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा, एसआईआर का निरस्तीकरण और काटे गए वोटों की बहाली नहीं हो जाती, तब तक कांग्रेस का यह लोकतांत्रिक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

Shravan Sharma
लेखक / पत्रकार:

Shravan Sharma

विशेष संवाददाता (Special Correspondent)

वरिष्ठ न्यूज़ रिपोर्टर, The Rural Press

The Rural Press के लिए निष्पक्ष और निर्भीक रिपोर्टिंग।

विज्ञापन