DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026-27 को लेकर छात्र राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अभाविप और एनएसयूआई और एसएपी और अन्य छात्र संगठनों ने अलग-अलग पदों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम सामने रख दिए हैं। इसी बीच मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय ने नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच के बाद अंतरिम सूची जारी की है।
चार केंद्रीय पदों के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए शुरुआती जांच में कुल 88 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। हालांकि, यह अंतिम सूची नहीं है। दस्तावेजों के विस्तृत सत्यापन और चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण में कुछ नामों में बदलाव संभव है।
ABVP ने चारों केंद्रीय पदों पर उतारे उम्मीदवार
ABVP ने DUSU के चार प्रमुख पदों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। संगठन की ओर से अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष पद के लिए इशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्यराज सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। ABVP की ओर से इससे पहले सात संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें आलोक अत्री, इशू मौर्य, लक्ष्य राज सिंह, नितिन तंवर, रिया छावड़ी, तान्या मावी और यश डबास के नाम शामिल थे।
NSUI ने भी घोषित किए चार उम्मीदवार
NSUI ने भी चारों केंद्रीय पदों के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशियों के नाम जारी किए हैं। संगठन की ओर से विजय शंकर मीणा को अध्यक्ष, वीर छत्रथ को उपाध्यक्ष, नम्रता चौधरी को सचिव और गोपाल चौधरी को संयुक्त सचिव पद का उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं NSUI की ओर से विजय शंकर मीणा, विशेष यादव, दीपांशु शौकीन, नम्रता चौधरी, जन्नत विश्नोई, गोपाल चौधरी और वीर छत्रथ ने नामांकन दाखिल किया था।
ASAP और AISA के उम्मीदवार भी मैदान में
आम आदमी पार्टी से संबंधित एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (ASAP) की ओर से अश्मित कुमार पवार को अध्यक्ष और पंकज कुमार को सचिव पद का उम्मीदवार बताया गया है। वहीं, AISA की ओर से अनन्या ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। इसके अलावा SFI की ओर से स्टंजन और पारिजात के नामांकन भी सामने आए हैं।
अध्यक्ष पद पर सबसे ज्यादा 25 दावेदार
प्रारंभिक जांच में अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा 25 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। उपाध्यक्ष पद पर 20, सचिव पद पर 24 और संयुक्त सचिव पद पर 19 नामांकन पत्र सही मिले हैं। इस तरह चारों केंद्रीय पदों के लिए वैध नामांकन की संख्या 88 है। अध्यक्ष पद पर सबसे ज्यादा उम्मीदवार होने से इस पद पर मुकाबला खासा दिलचस्प माना जा रहा है। सचिव पद भी दावेदारों की संख्या के मामले में दूसरे स्थान पर है।
अभी अंतिम सूची आना बाकी
मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी सूची फिलहाल अंतरिम है। उम्मीदवारों के दस्तावेजों के विस्तृत सत्यापन के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसलिए शुरुआती सूची में शामिल सभी नामों को अंतिम प्रत्याशी मानना जल्दबाजी होगी। अंतिम सूची सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए वास्तविक मुकाबला किन उम्मीदवारों के बीच होगा।



