रायपुर। राज्य सरकार के मंत्रियों को एक से अधिक बंगले आबंटित करने पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि किसी मंत्री को कितने बंगले आबंटित किए जा सकते हैं, यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।
भूपेश बघेल ने कहा कि नवा रायपुर में मंत्रियों को नया बंगला दिया जा चुका है, लेकिन उन्होंने अब तक पुराना बंगला नहीं छोड़ा है। इस पूरे मामले पर पूर्व सीएम बघेल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि किसी मंत्री को कितने मकान आबंटित किए जा सकते हैं, इसे राज्य सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।
‘एक मंत्री को एक ही बंगला देने का प्रावधान’
बघेल ने कहा कि मेरी जानकारी में राजधानी में हर मंत्री को केवल एक बंगला आबंटित होता है, लेकिन इस सरकार में दो से तीन बंगले आबंटित कर रखे हैं। पूर्व सीएम ने कहा यदि मंत्रियों को नवा रायपुर में बंगला आबंटित हो चुका है, तो उन मंत्रियों से किराया, बिजली बिल और मेंटेंस का खर्चा वसूल किया जाना चाहिए। इस मुद्दे पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि 6 मंत्री नवा रायपुर में रह रहे हैं। बाकी जल्द ही वहां शिफ्ट हो जाएंगे।


