टीआरपी डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां चल रही है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने 17वीं विधानसभा को 19 नवंबर को भंग करने की औपचारिक जानकारी दी, लेकिन अपना इस्तीफा नहीं सौपा।

सुबह यह खबर आई थी कि मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दे दिया है, लेकिन कुछ देर बाद स्पष्ट हुआ कि उन्होंने केवल विधानसभा भंग होने की तिथि तय की है और 19 नवंबर को ही इस्तीफा देंगे।

JDU नेता विजय कुमार चौधरी ने बताया कि सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में विधानसभा भंग करने की अनुशंसा पारित की गई। साथ ही सरकार के पूरे कार्यकाल में अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग को भी सराहा गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने सरकारी नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कैबिनेट बैठक में एक और प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें हाल ही में हुए चुनावों में एनडीए को मिली भारी जीत का उल्लेख किया गया। मंत्रिपरिषद ने नीतीश कुमार के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी अगुवाई में गठबंधन ने प्रचंड बहुमत हासिल कर नई ऊंचाई छुई है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।