Indian Railways Charging Rules: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल रेलवे ने मोबाइल चार्जिंग से जुड़ा एक निर्देश जारी किया है। जिसे यात्रियों को जानना जरूरी है। रेलवे बोर्ड ने जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि ट्रेनों के कोच में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाए। इस दौरान किसी तरह की छूट नहीं देने को कहा गया है। रेलवे का उद्देश्य चार्जिंग के दौरान बैटरी गर्म होने, शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा कम करना है।
दक्षिण पूर्व रेलवे में चार्जिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक फटने की घटना सामने आने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आया है। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय कोच में चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बैटरी में खराबी, अधिक गर्मी या बिजली से जुड़ी गड़बड़ी आग लगने का कारण बन सकती है। इसी तरह की घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे ने सुरक्षा निर्देशों के पालन पर जोर दिया है।
कर्मचारियों की तय होगी जिम्मेदारी
रेलवे बोर्ड ने संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समय पर चार्जिंग पॉइंट बंद कराने के निर्देश दिए हैं। ट्रेन में तैनात कर्मचारियों को इस व्यवस्था के बारे में स्पष्ट जानकारी देने और जरूरी प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया है। अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पता चल सके कि ट्रेनों में आदेश का पालन हो रहा है या नहीं। नियमों के पालन में लापरवाही रोकने के लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने की बात भी कही गई है।
2014 में भी जारी हुए थे निर्देश
ट्रेनों में रात के समय चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का निर्देश पहले भी जारी किया जा चुका है। रेलवे बोर्ड ने 19 जून 2014 को सुरक्षा के मद्देनजर इस संबंध में आदेश दिया था। इसके बाद मार्च 2021 में भी रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग सुविधा बंद रखने के निर्देशों को दोबारा सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया था। अब एक बार फिर इस व्यवस्था के पालन को लेकर रेलवे ने सख्ती दिखाई है।
यात्रियों को किन बातों का रखना चाहिए ध्यान?
रात में ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को मोबाइल और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण यात्रा शुरू करने से पहले चार्ज कर लेने चाहिए। रात 11 बजे के बाद चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध रहने पर निर्भर न रहें। मोबाइल या पावर बैंक असामान्य रूप से गर्म हो, उसमें से धुआं निकले या जलने जैसी गंध आए, तो उसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें और ट्रेन में तैनात कर्मचारी को सूचना दें।



