रायगढ़। ग्रामीणों के जबरदस्त विरोध के चलते तमनार ब्लॉक के घोराभाठा में 14 अक्टूबर को होने वाली जिंदल उद्योग की कोयला खदान परियोजना से जुड़ी जनसुनवाई को स्थगित कर दिया गया है। कलेक्टर रायगढ़ द्वारा पर्यावरण विभाग के सचिव को भेजे गए पत्र के बाद विभाग ने आदेश जारी कर जनसुनवाई स्थगित कर दी है। आदेश में लिखा है कि अपरिहार्य कारणों से जनसुनवाई को स्थगित किया गया है।

20 गांव नक्शे से हो जाएंगे गायब


यह जनसुनवाई गारे-पेलमा सेक्टर-1 की कोयला खदान को लेकर होनी थी, जिसे जिंदल उद्योग को आबंटित किया गया है। बताया जा रहा है कि इस परियोजना के शुरू होने से तमनार ब्लॉक और लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के करीब 20 गांव प्रभावित होंगे और वे नक्शे से भी गायब हो जाएंगे।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही तमनार ब्लॉक के हजारों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए थे। ग्रामीणों ने रायगढ़ पहुंचकर जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि इस खदान से प्रदूषण बढ़ेगा, जंगल और खेती प्रभावित होगी। ग्रामवासियों के कड़े विरोध के बाद फिलहाल जनसुनवाई स्थगित हो गई है।

See also  Breaking : जशपुर जिले में भी संपूर्ण लॉकडाउन, कलेक्टर ने जारी किया आदेश