Banking Fraud: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाला बड़ा फ्रॉड सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में बैंक के उप प्रबंधक पर आरोप है कि उन्होंने ग्राहक की जानकारी के बिना खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर बदल दिया और FD तुड़वाकर करीब 14.97 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस शिकायत के अनुसार खाताधारक सुषमा कुमार के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर 17 जुलाई 2025 को बदल दिया गया। आरोप है कि बैंक के *lउप प्रबंधक कुलदीप सिंह ने फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए यह बदलाव कराया।
मोबाइल नंबर बदलते ही आरोपी को नेट बैंकिंग और बैंक ऐप की पहुंच मिल गई। इसके बाद बैंक ऐप से ग्राहक की 14.40 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट समय से पहले बंद कराई गई। एफडी से आई रकम और खाते में पड़ी बाकी राशि को मिलाकर कुल 14 लाख 97 हजार 451 रुपये गुढ़ियारी स्थित इंडियन सेल्स के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। यह खाता फर्म के प्रोपराइटर योगेश येडे के नाम से है। बाद में चेक और ATM से भी पैसे निकाले गए।
इस तरह खुला राज
मामले का खुलासा 7 अगस्त को हुआ जब सुषमा कुमार बैंक शाखा पहुंचीं और अपने खाते में हुए लेन-देन को देखा। बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच कराई तो गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद शाखा प्रमुख रितेन्द्र रामटेके ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कुलदीप सिंह और योगेश येडे के खिलाफ BNS की धारा 316(2) समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है।
पुलिस जांच में जुटी
अब पुलिस बैंक रिकॉर्ड, फर्जी रिक्वेस्ट फॉर्म, मोबाइल नंबर बदलने की प्रक्रिया और चेक-ATM से हुए लेन-देन की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि 15 लाख की रकम निकालने की साजिश में और कौन-कौन शामिल थे।
यह मामला सिर्फ पैसे की ठगी नहीं, बल्कि बैंक के अंदरूनी सिस्टम और ग्राहकों की संवेदनशील जानकारी के दुरुपयोग का भी गंभीर मामला है।
FAQ: बैंक अफसर ने किया फ्रॉड
सवाल: रायपुर में कितने का बैंक फ्रॉड हुआ?
एक्सिस बैंक देवेंद्र नगर शाखा में ग्राहक सुषमा कुमार के खाते से करीब 14.97 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
सवाल: आरोपी कौन हैं?
बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के प्रोपराइटर योगेश येडे के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।
सवाल: फ्रॉड कैसे किया गया?
पहले ग्राहक का मोबाइल नंबर फर्जी फॉर्म से बदला गया, फिर FD तुड़वाकर रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी गई।
सवाल: मामला कब सामने आया?
7 अगस्त को ग्राहक के बैंक पहुंचने पर खाते में गड़बड़ी का पता चला। इसके बाद बैंक ने पुलिस में शिकायत की।
सवाल: पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
गंज थाने में BNS की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


