Murder on suspicion of witchcraft: छत्तीसगढ़ में जागरूकता के तमाम प्रयासों के बावजूद झाड़–फूंक और जादू–टोने के फेर में अब भी लोगों का सामाजिक बहिष्कार, झगड़े और हत्याएं हो रही हैं। बीते दो दिनों में रायपुर और राजनांदगांव जिले में 4 लोगों की हत्या हो गई।
पहली घटना रायपुर जिले के आरंग इलाके में हुई है, जहां एक बुजुर्ग दंपत्ति को बेरहमी से मार डाला गया, वहीं दूसरी वारदात डोंगरगढ़ के चौथना गाँव में हुई, जहां एक महिला और उसके बच्चों पर हमला कर दिया गया, इस दौरान मां–बेटे की मौत हो गई, वहीं खून से लथपथ पड़ी बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केस 1: बुजुर्ग दंपत्ति की सिरकटी लाश मिली
आरंग के पास स्थित गांव बिरबिरा में पुलिस को बुजुर्ग दम्पति की सिरकटी लाश मिली। लाश दो दिन पुरानी थी। शव मिलने के बाद से ही पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। आरंग पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में दोनों की हत्या किसी धारदार नुकीली वस्तु से किए जाने की आशंका है।
पुलिस को शक है कि बुजुर्ग दम्पति की हत्या के पीछे टोनही होने का संदेह है। पहले इस हत्या को पुलिस जमीन विवाद को लेकर देख रही थी। आरोपियों के गिरफ्तार होने को लेकर पुलिस के किसी भी अफसर ने पुष्टि नहीं की है।
मृतकों की पहचान सदासी राम साहू (65) और उनकी पत्नी आसबाती (62) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों गांव में अपने मकान में रहते थे। एसीपी रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा ने बताया कि सूचना मिली कि बीरबीरा गांव में रहने वाले बुजुर्ग दंपति के शव घर में मिले हैं। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि दोनों बुजुर्ग किसान थे और वे अपनी करीब 10 एकड़ जमीन पर खेती करते थे। उनके दो बेटे हैं, जो रायपुर में रहकर काम करते हैं। वहीं दो बेटियों की शादी हो चुकी है, वे अपने ससुराल में रहती हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वाड और एफ एस एल टीम को बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी सबूत जुटाए।
पुलिस फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। मामले में अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
केस 2: जादूटोना के शक में किए दो कत्ल
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ के चौथना गांव में दोहरे हत्याकांड की प्रारंभिक जांच में जादूटोना का एंगल सामने आया है। आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों के लगातार बीमार रहने के पीछे जादूटोना करने के शक के आधार पर दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वारदात को अकेले एक युवक ने अंजाम दिया है। आरोपी का नाम हेमंत सोनकर बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ से सटे चौथना के रहने वाले कमला सोनकर (42), खुमेन्द्र सोनकर (21) और ममता सोनकर (18) पर शुक्रवार शाम ढलते ही धारदार हथियार से एक रिश्तेदार ने प्राणघातक हमला कर दिया। धारदार हथियार से कमला सोनकर उसके बेटे खुमेन्द्र सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटी ममता सोनकर हमले में घायल होने के बाद खून से लथपथ तड़प रही थी।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पिता सुखीराम सोनकर डोंगरगढ़ गोलबाजार स्थित सब्जी बाजार में पसरा लगाए हुए थे। रात करीब 9.30 बजे वापस आने पर सुखीराम घर का मंजर देखकर चौक गए। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। वारदात के बाद आरोपी हेमंत सोनकर फरार हो गया।
बाजार का झगड़ा जादू–टोने के शक में तब्दील हुआ
बताया जा रहा है कि पूरा मामला बाजार में पसरा लगाने से लेकर जादूटोना करने से जुड़ा हुआ है। करीब 3 साल पूर्व मृतिका का आरोपी और उसके परिवार से पसरा लगाने को लेकर गहरा विवाद हुआ था। विवाद के बाद अचानक आरोपी के परिजनों की तबीयत बिगड़ने लगी। आए दिन बीमार रहने से परेशान आरोपी के मन में मृतिका द्वारा जादूटोना करने का शक गहरा गया और उसके बाद से आए दिन विवाद होता था।
आपसी रंजिश के चलते आरोपी ने घटना की शाम को मां, बेटा और बेटी पर कातिलाना हमला कर दिया। घटना में मां-बेटा की मौत हो गई। जबकि घायल युवती की स्थिति रायपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान स्थिर बनी हुई है।
इस संबंध में डोंगरगढ़ थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख ने बताया कि पुलिस जल्द दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को सुलझा लेगी। पूरा मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। इस बीच चौथना दोहरे हत्याकांड की घटना से गांव समेत आसपास इलाकों में सनसनी का माहौल है।
FAQ: अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. छत्तीसगढ़ में ताजा हत्याकांड कहां-कहां हुए हैं?
Ans. पहली वारदात रायपुर जिले के आरंग के बिरबिरा गांव में हुई जहां बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या हुई, दूसरी वारदात राजनांदगांव के डोंगरगढ़ के चौथना गांव में हुई जहां मां और बेटे की हत्या कर दी गई।
Q2. हत्या की वजह क्या बताई जा रही है?
Ans. प्रारंभिक जांच में दोनों ही मामलों में जादू-टोने के शक का एंगल सामने आया है। डोंगरगढ़ में आरोपी को शक था कि मृतका उसके परिवार पर जादू-टोना कर रही है, जिससे उसके परिजन बीमार रहते हैं।
Q3. पुलिस ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है?
Ans. आरंग पुलिस ने FSL और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी है, जबकि डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी हेमंत सोनकर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।



