रायपुर। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना महिलाओं के लिए संबल बन रही है। बेमेतरा जिले के ग्राम बेरलाकला की टिकेश्वरी साहू ने योजना से मिले सहयोग को अपने जीवन का आधार बताते हुए कहा कि इसने मातृत्व काल में उन्हें आर्थिक और मानसिक मजबूती दी।

कृषि पर आधारित परिवार से जुड़ी टिकेश्वरी साहू गृहिणी होने के कारण परिवार की आमदनी पर निर्भर थीं। आर्थिक तंगी के चलते अपनी सेहत और पोषण पर ध्यान देना मुश्किल था। मातृत्व काल में जब उनका पंजीयन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन बहनों की मदद से मातृत्व वंदना योजना में हुआ तो उन्हें बड़ी राहत मिली।

योजना अंतर्गत प्रथम संतान पर 5000 रुपये और द्वितीय बालिका पर 6000 रुपये की राशि दी जाती है। टिकेश्वरी ने बताया कि पहली किश्त का उपयोग उन्होंने संतुलित आहार व चिकित्सीय जांच में किया जबकि दूसरी किश्त से प्रसव पूर्व की जरूरतें पूरी कीं। योजना ने न केवल आर्थिक सहयोग दिया बल्कि उन्हें मानसिक सुकून भी प्रदान किया।

जिला कलेक्टर रणबीर शर्मा ने बताया कि जिले में शासन की सभी जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता से लागू किया जा रहा है। मातृत्व वंदना योजना के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना की सफलता में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों की सक्रिय भूमिका अहम है। कलेक्टर ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की कि वे इस योजना का लाभ अवश्य लें ताकि मातृत्व काल सुरक्षित और स्वस्थ हो सके।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।