PM Awas Scam
PM Awas Scam

Korba: जिले के कोरबा जनपद के सांसद आदर्श ग्राम पंचायत तिलकेजा में हुए पीएम आवास घोटाले के उजागर होने के बाद कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। जिला पंचायत सीईओ ने पहली कार्रवाई के तौर पर ग्राम सचिव को निलंबित करते हुए ब्लॉक समन्वयक को जिला पंचायत अटैच कर दिया है। वहीं जल्द ही सरपंच और अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

ग्राम पंचायत तिलकेजा में फर्जी ग्रामसभा आयोजित कर पूर्व के वर्षों में पीएम आवास के लिए अपात्र घोषित हुए ग्रामीणों को पात्र बना दिया गया था। इनमें लगभग 11 ऐसे हितग्राही भी थे जिनका निधन हो चुका है। इस मामले की शिकायत के बाद जांच हुई और प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई शुरू की गई है।

क्या कहा सीईओ प्रतिक जैन ने ?

जिला पंचायत कोरबा के सीईओ आईएएस प्रतीक जैन ने मीडिया से चर्चा में बताया कि कोरबा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलकेजा में 48 अयोग्य हितग्राहियों के नाम से पीएम आवास स्वीकृत और राशि आहरित होने की शिकायत मिली थी। प्रथम दृष्टया यह गड़बड़ी पंचायत से ही शुरू हुई है। इस वजह से पंचायत सचिव नविता दूबे को निलंबित कर दिया गया है। वहीं पीएम आवास के ब्लाक समन्वयक देवानंद श्रीवास को जिला पंचायत अटैच किया गया है। मामले की पूरी जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है। राशि की वसूली के साथ दोषी अधिकारी व कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

See also  नगरीय निकाय चुनाव- कांग्रेस ने नगर पंचायतों के प्रत्याशी की घोषित, देखें लिस्ट

क्या है सचिव के निलंबन आदेश में ?

दरअसल इस मामले में शिकायत के बाद 3 सदस्यीय जांच समिति ने तिलकेजा के सरपंच/सचिव को 48 हितग्राहियों का राशि जिनके खाते में गई उनका आधार कार्ड, बैंक पासबुक का प्रथम पृष्ठ एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी रजिस्टर लेकर दिनांक 13.08.2026 को कार्यालय उप संचालक पंचायत जिला कोरबा में उपस्थित होने कहा गया था किंतु सरपंच/सचिव उपस्थित नही हुए। इसी तरह श्रीमती नविता दूबे सचिव ग्राम पंचायत तिलकेजा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाकर 03 दिवस के भीतर जवाब चाही गई थी किंतु श्रीमती दूबे द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र का जवाब नही दिया गया एवं जांच में सहयोग नही करने के फलस्वरूप शासकीय कार्यों के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता बरती गई है। उनका यह कृत्य छ.ग. पंचायत सेवा आचरण नियम 1998 के विपरीत होने से छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के भाग दो नियम 4 के तहत् एतद् द्वारा निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय जनपद पंचायत कोरबा निर्धारित किया गया है एवं इन्हे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता रहेगी।

See also  छत्तीसगढ़ में AAP फूंकने जा रही है चुनावी बिगुल, जानें क्या है पूरा प्लान,आ रहे हैं सांसद संजय सिंह

लापता ब्लॉक समन्वयक जिला पंचायत अटैच

बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना में ग्राम स्तर पर आवास मित्र और जनपद स्तर पर ब्लॉक समन्वयक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इस मामले की जांच के दौरान ब्लॉक समन्वयक देवानंद श्रीवास ने जांच टीम के समक्ष अपना बयान तो दिया मगर बताया जा रहा है कि उसके बाद से वह अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित है और बुलाने पर भी नहीं आ रहा है। मामले की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी होने के चलते जिला पंचायत सीईओ ने फिलहाल उसे अपने कार्यालय के पीएम आवास शाखा में अटैच किया है, ताकि उससे मामले की सारी जानकारी निकलवाई जा सके। हालांकि इसकी उम्मीद कम है कि वह उपस्थित होकर जांच में सहयोग करेगा।

कुल 55 आवासों का है मामला

ग्राम तिलकेजा में अपात्रों को पात्र बनाने का जो मामला प्रकाश में आया है, उसकी शिकायत करने वाले जितेंद्र साहू के मुताबिक इसमें कुल 55 कथित हितग्राहियों के नाम पर फर्जीवाड़ा किया गया है। इनमें 11 मृतक हैं। इन सभी के नाम पर पीएम आवास की पहली किश्त 40-40 हजार रूपये निकलवाई गई और इसकी कुल रकम लगभग 22 लाख रूपये होती है।

हितग्राहियों के खाते में नहीं भेजी गई राशि

इस मामले में एक जानकारी यह भी सामने आयी है कि जिस तरह मृत हितग्राहियों के पैसे किसी अन्य के खातों में भेजे गए हैं,उसी तरह अन्य हितग्राहियों को फर्जी तरीके से पात्र घोषित कर उनके आवास की पहली किश्त की राशि भी दूसरों के खाते में भेजी गई है। रकम भेजे जाने के बाद संबंधित खातेदारों से मिलकर कहा गया कि गलती से पंचायत की राशि उनके खाते में चली गयी है, उसे वापस करें। इस दौरान उन्हें बतौर कमीशन कुछ रकम दिए जाने की जानकारी सामने आ रही है।

See also  पीएम आवास का पैसा लेकर गायब हुए सैकड़ों लोग, अब होगी कुर्की: जिला प्रशासन ने जारी किया अल्टीमेटम

जांच में नहीं मिल रहा सहयोग

तिलकेजा पंचायत में हुए घोटाले का लगभग पूरी तरह पर्दाफाश हो गया है, मगर गड़बड़ी से संबंधित दस्तावेज पंचायत से गायब कर दिए गए हैं, वहीं मामले से जुड़े सरपंच-सचिव, आवास मित्र, ब्लॉक समन्वयक सहित अन्य लोग कुछ भी सहयोग नहीं कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि फर्जी ग्राम सभा की बैठक में कुछ पंच भी शामिल रहे हैं और वे भी जांच के दायरे में हैं।

माना जा रहा है कि कुछ दिनों की प्रतीक्षा के बाद संबंधितों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जाएगी और मामला पुलिस के सुपुर्द कर दिया जायेगा। बहरहाल इस तरह के घोटाले दूसरी पंचायतों में भी हुए हैं और उनकी जांच भी शुरू हो गई है।