स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। एशिया कप 2025 की तारीखों और स्थान का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से जानकारी दी कि इस टूर्नामेंट का आयोजन 9 से 28 सितंबर 2025 के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में किया जाएगा।

हालांकि पाकिस्तान इस बार आधिकारिक मेज़बान है, लेकिन बीसीसीआई और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की साझा सहमति के तहत टूर्नामेंट का आयोजन तटस्थ स्थान यानी UAE में होगा। यह फैसला भारत और पाकिस्तान के बीच जारी राजनीतिक तनाव को देखते हुए लिया गया है।

भारत-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में, तीन बार हो सकती है टक्कर

सबसे बड़ी चर्चा का विषय यह है कि भारत और पाकिस्तान को इस बार एक ही ग्रुप में रखा जाएगा। जिससे क्रिकेट फैंस को तीन बार इस चिर-प्रतिद्वंद्विता का रोमांच देखने को मिल सकता है – एक बार ग्रुप स्टेज में, फिर सुपर 4 में और अंततः फाइनल में।

यह पहली भिड़ंत अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों की टीमों के बीच होगी, जिससे मैच का माहौल बेहद भावनात्मक और तनावपूर्ण होने की उम्मीद है।

8 टीमों का रोमांच, कुल 19 मुकाबले

इस बार एशिया कप में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी – भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, हांगकांग, यूएई और ओमान। टूर्नामेंट T20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, और इसे आगामी फरवरी 2026 में भारत-श्रीलंका द्वारा आयोजित ICC T20 विश्व कप की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।