Ind-Pak Rivalry: फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। पाकिस्तान को इस हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। नतीजे के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों ने अपनी ही टीम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शोएब अख्तर, तनवीर अहमद ने भी खिलाड़ियों को जमकर लताड़ा है।
दरअसल, पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर और पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद के दिए गए बयान सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहे हैं। दोनों ने ही भारत पाक मैच से लेकर देश की आर्थिक तंगी तक पर सवाल उठाए हैं। शोएब अख्तर ने कहा कि मैच के नतीजों का अंदाजा तो पहले से ही हो जाता है। हार के बाद शर्मिंदगी का सिलसिला अब आम हो चुका है। तनवीह अहमद ने सैम अयूब की हरकत पर नाराजगी जताई है।
भारत-पाक मुकाबले में अब वो बात नहीं: शोएब अख्तर
पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता पर सवाल उठाए हैं। अख्तर के मुताबिक अब दोनों टीमों के बीच पुरानी जैसी प्रतिस्पर्धा नहीं बची है। उन्होंने कहा कि मैच से पहले ही सबको नतीजे का अंदाजा होता है। भारत की जीत और पाकिस्तान की हार तय मानी जाती है। अख्तर ने कहा कि हर मुकाबले के बाद पाकिस्तान को शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है और यह सिलसिला अब आम हो चुका है।
आर्थिक तंगी का जिक्र कर साधा निशाना
एक अन्य वायरल वीडियो में अख्तर ने पाकिस्तान की मौजूदा आर्थिक स्थिति पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को रजत पदक मिलने पर ही खुश होना चाहिए क्योंकि देश में महंगाई चरम पर है। अख्तर ने टिप्पणी की कि जिस देश में आटा और पानी जैसी बुनियादी जरूरतें मुश्किल से मिल रही हों, वहां सिल्वर मेडल मिलना भी बड़ी बात है।
सैम अयूब के रवैये पर भड़के तनवीर अहमद
पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने पाकिस्तान के खिलाड़ी सैम अयूब के रवैये और मैदान पर उनके व्यवहार की तीखी आलोचना की। फाइनल मैच के दौरान सैम अयूब ने भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की तरफ उम्र को लेकर एक इशारा किया था। तनवीर ने इस इशारे को गलत ठहराते हुए कहा कि सैम खुद को बहुत बड़ा सुपरस्टार समझते हैं। उन्होंने सलाह दी कि मैदान पर चश्मा पहनकर घूमने के बजाय अयूब को अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी पर ध्यान देना चाहिए।
वैभव टिक जाते तो बनता 250 का स्कोर
तनवीर अहमद ने माना कि भारतीय बल्लेबाजों के सामने पाकिस्तानी गेंदबाज बेबस नजर आए। उन्होंने कहा कि अगर वैभव सूर्यवंशी 10वें ओवर तक मैदान पर टिक जाते तो भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंच जाता। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने बेहद साधारण गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों को आसानी से रन बनाने के मौके दिए।
ऐसा रहा रोमांचक मुकाबले का हाल
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 211 रन बनाए। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में 61 रन की तेज तर्रार पारी खेली। कप्तान तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने 51 गेंदों में 96 रन की जुझारू पारी खेली। एक समय पाकिस्तान को आखिरी 18 गेंदों में 52 रन की दरकार थी। 18वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने केवल 8 रन दिए और अब्दुल समद को आउट किया। 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने महज 11 रन खर्चे। अंतिम ओवर में 33 रनों की जरूरत थी, जहां शिवम दुबे ने हसन नवाज को आउट कर भारत की 19 रन से जीत पक्की कर दी।



