टीआरपी डेस्क। CSK Playoff Scenario : लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मिली करारी हार ने पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के प्लेऑफ में पहुंचने के समीकरणों को बेहद उलझा दिया है। इस करारी शिकस्त के बाद चेन्नई की टीम अंक तालिका में एक पायदान नीचे खिसककर पांचवें से छठे नंबर पर आ गई है, जिससे उसकी आगे की राह अब काफी कठिन हो चली है।

अंक तालिका का ताजा हाल और गणित

आईपीएल 2026 की ताजा अंक तालिका में 12 मुकाबलों में 16 अंकों के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) शीर्ष पर राज कर रही है, जबकि गुजरात टाइटंस भी 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मजबूती से काबिज है। चेन्नई की हार का सीधा फायदा राजस्थान रॉयल्स को मिला है, जो अब पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। सनराइजर्स हैदराबाद (14 अंक) तीसरे और पंजाब किंग्स (13 अंक) चौथे स्थान पर प्लेऑफ की दौड़ में आगे चल रहे हैं। वहीं, मुंबई और लखनऊ की टीमें आधिकारिक तौर पर इस रेस से बाहर होकर क्रमशः नौवें और दसवें पायदान पर हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स के पास अब ग्रुप चरण में केवल दो मैच शेष बचे हैं, जहां उसका सामना टेबल के टॉपर्स गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद से होना है। प्लेऑफ की दौड़ में सुरक्षित बने रहने के लिए चेन्नई को न सिर्फ ये दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे ताकि वह 16 अंकों तक पहुंच सके, बल्कि उसे दूसरी टीमों के नेट रन रेट और हार-जीत के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।

प्लेऑफ का पूरा समीकरण

चेन्नई के लिए सबसे बड़ी चुनौती राजस्थान रॉयल्स बनी हुई है, जिसके पास अभी 3 मैच शेष हैं। यदि राजस्थान अपने अगले तीनों मुकाबले (दिल्ली, लखनऊ और मुंबई के खिलाफ) जीत जाती है, तो चेन्नई के लिए प्लेऑफ के दरवाजे पूरी तरह बंद हो जाएंगे। दूसरी ओर, चौथे स्थान पर मौजूद पंजाब किंग्स का सामना आरसीबी और लखनऊ से होना है; यदि पंजाब अपना एक भी मैच हारती है, तो इसका सीधा फायदा सीधे तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स को मिल सकता है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।