दीपक चाहर ने एयरलाइन्स पर उतारा गुस्सा, कहा- न खाना मिला न मेरा सामान

खेल डेस्क। भारतीय बॉलर दीपक चाहर के लिए वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश जाना आजाब बन गया है। चाहर न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया में शामिल थे और वहां से बाकी खिलाड़ियों के साथ बांग्लादेश के लिए रवाना हुए। बता दें कि टीम इंडिया को यहां रविवार से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी हैं। चाहर ने बांग्लादेश पहुंचते ही ट्वीट करके बताया कि उनके लिए सफर कितना खराब रहा और खुलकर एयरलाइन्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की।

भारतीय टीम के जिन खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड दौरे के लिए आराम दिया गया था वह ढाका पहले ही पहुंच चुके थे। बाकी कुछ खिलाड़ियों को शुक्रवार देर रात ढाका पहुंचना था। हालांकि वह शनिवार सुबह वहां पहुंचे। पहुंचते ही चाहर ने बताया कि सबसे बड़ी परेशानी यह है कि उनका सामान अब तक नहीं आया है।

चाहर ने सोशल मीडिया पर उतारा गुस्सा

टीम इंडिया के खिलाड़ी जिस एयरलाइन से सफर कर रहे थे उस पर नाराजगी जाहिर करते हुए चाहर ने लिखा, ‘मलेशिया एयरलाइंस के साथ सफर करने का अनुभव काफी खराब रहा। पहले उन्होंने हमें बिना बताए हमारी फ्लाइट बदल दी। इसके अलावा बिजनेस क्लास होने के बावजूद हमें खाना नहीं मिला। हम अब पिछले 24 घंटे से अपने सामान का इंतजार कर रहे हैं। सोचने वाली बात है हमें कल एक मैच खेलना है।’ इस ट्वीट के बाद मलेशिया एयरलाइंस ने उनसे मांफी मांगते हुए जल्द से जल्द सामान देने की बात कही है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।