स्पोर्ट्स डेस्क। IND vs ENG : भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही रोमांचक टेस्ट सीरीज़ के अंतिम और निर्णायक मैच से पहले इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। दाहिने कंधे की चोट के चलते ओवल टेस्ट से इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि अब उप-कप्तान ओली पोप अंतिम टेस्ट में टीम की अगुवाई करेंगे। स्टोक्स पूरे सीरीज में गेंद और बल्ले से भारतीय टीम के लिए मुसीबत बन रहे थे। ऐसे में पांचवें टेस्ट में टीम इंडिया के पास सीरीज बराबरी करने का सुनहरा मौका है।

सीरीज़ में 2-1 की बढ़त बनाए हुए इंग्लैंड के लिए यह टेस्ट जीत के साथ ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाने का मौका है, लेकिन चोटों ने उनकी राह मुश्किल कर दी है। स्टोक्स के अलावा तेज़ गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर और ब्रायडन कार्स भी यह मैच नहीं खेलेंगे। आर्चर को आराम दिया गया है।

स्टोक्स न केवल कप्तानी कर रहे थे, बल्कि 17 विकेट और बल्ले से अहम रन बनाकर टीम के अहम स्तंभ बने हुए थे। उनकी अनुपस्थिति इंग्लैंड के लिए एक बड़ा मानसिक और रणनीतिक झटका है।

ECB ने इस मैच के लिए एक नई ऊर्जा के साथ टीम में बदलाव किए हैं। जैकब बेथेल को पहली बार मौका मिला है और वो छठे नंबर पर बल्लेबाज़ी करेंगे। साथ ही, सरे के गस एटकिंसन और जेमी ओवरटन, तथा नॉटिंघमशायर के तेज़ गेंदबाज़ जोश टंग को भी टीम में शामिल किया गया है।

इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग XI:

  • ज़ैक क्रॉली
  • बेन डकेट
  • ओली पोप (कप्तान)
  • जो रूट
  • हैरी ब्रुक
  • जैकब बेथेल
  • जेमी स्मिथ (विकेटकीपर)
  • क्रिस वोक्स
  • गस एटकिंसन
  • जेमी ओवरटन
  • जोश टंग

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।