स्पोर्ट्स डेस्क। IND W vs AUS W : महिला वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल आज मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला बेहद अहम होने वाला है, क्योंकि विजेता टीम फाइनल में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी। साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को 125 रन से हराकर पहली बार फाइनल में प्रवेश किया है।

ऑस्ट्रेलिया ने अब तक टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा है और 13 अंकों के साथ ग्रुप स्टेज में शीर्ष पर रही। भारत को तीन हार का सामना करना पड़ा और वह चौथे स्थान पर रहा। दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर की उम्मीद है।

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ ग्रुप मैच में पांच विकेट झटके थे और अब तक टूर्नामेंट में 15 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं।

भारतीय टीम को ओपनर स्मृति मंधाना से काफी उम्मीदें हैं, जो इस वर्ल्ड कप में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने सात मैचों में 60.83 की औसत से 365 रन बनाए हैं, जिनमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि भारत को एक बड़ा झटका लगा है। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह शैफाली वर्मा को टीम में शामिल किया गया है।

मैच के दौरान मौसम लगभग साफ रहने की उम्मीद है। दोपहर में बारिश की संभावना केवल 20 प्रतिशत तक सीमित रहेगी। पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जा रही है, लेकिन स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिल सकती है। ऐसे में एक हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया पहले भी दो बार वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में आमने-सामने आ चुके हैं। 1997 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 19 रन से हराया था, जबकि 2017 में भारत ने बदला लेते हुए 36 रन से जीत दर्ज की थी।

वनडे क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच अब तक 60 मुकाबले हुए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने 49 और भारत ने 11 जीते हैं। ऑस्ट्रेलिया को इस मैच का फेवरेट माना जा रहा है, लेकिन भारत को घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिल सकता है। फैंस इस मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और ऑनलाइन जियो हॉटस्टार ऐप व वेबसाइट पर देख सकते हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।