स्पोर्ट्स डेस्क। IND W vs SA W Final : महिला वनडे विश्वकप 2025 अपने रोमांचक अंत की ओर बढ़ चुका है। भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीमें अब तक इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को अपने नाम नहीं कर सकी हैं। इस बार, चाहे जो भी टीम जीते क्रिकेट जगत को एक नया विश्व विजेता मिलेगा। भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम को हराकर इतिहास रचा था। जेमिमा रॉड्रिग्स की नाबाद शतकीय पारी और कप्तान हरमनप्रीत कौर की शानदार कप्तानी ने वुमन इन ब्लू को फाइनल तक पहुंचाया। अब टीम विश्व कप खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।

मौसम पर भी रहेगी सबकी नजरे
फाइनल से पहले सबसे बड़ी चिंता मौसम को लेकर है। मौसम विभाग के अनुसार नवी मुंबई में रविवार को बारिश की पूरी संभावना है। एक्यूवेदर के मुताबिक दिन में 63 फीसदी और शाम को 40 फीसदी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा हल्के थंडरस्टॉर्म की भी संभावना बनी हुई है। तापमान अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अगर बारिश ने मैच बिगाड़ा तो क्या होगा?
आईसीसी के नियमों के तहत यदि रविवार को फाइनल पूरा नहीं हो पाता, तो मुकाबला सोमवार यानी 3 नवंबर को रिजर्व डे पर वहीं से शुरू होगा, जहां रोका गया था। हालांकि सोमवार को भी 55 प्रतिशत बारिश की संभावना है। ऐसी स्थिति में आईसीसी हर संभव कोशिश करेगी कि मैच रविवार को ही निपटा दिया जाए, भले ओवर घटाने पड़ें। यदि रिजर्व डे भी धुल जाता है, तो भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों को संयुक्त विश्व विजेता घोषित किया जाएगा।

दोनों टीमें
भारत:
शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, स्नेह राणा, हरलीन देयोल, अरुंधति रेड्डी, उमा छेत्री।

दक्षिण अफ्रीका: लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, एनेके बॉश, सुने लूस, मारीजाने कैप, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), एनेरी डर्कसन, क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लार्क, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा, मसाबाता क्लास, तुमी सेखुखुने, नोंदुमिसो शंगासे, काराबो मेसो।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।