आईपीएल के मैच में आरसीबी और एलएसजी के बीच मुकाबला

IPL 2026 के रोमांचक सफर में आज घरेलू मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होगी। आरसीबी ने इस सीजन में अब तक अपने घर पर खेले गए दोनों मैचों में जीत दर्ज की है और वे इस सिलसिले को बरकरार रखना चाहेंगे। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

आरसीबी बल्लेबाजी में दम

आरसीबी के बल्लेबाजों ने इस सीजन में गेंदबाजों के मन में जो खौफ पैदा किया है, वैसा कोई और टीम नहीं कर पाई है। आरसीबी ने अब तक किसी भी मैच में 200 से कम रन नहीं बनाए हैं।

विराट कोहली (SR 162), फिल साल्ट (178), रजत पाटीदार (214), टिम डेविड (221) और देवदत्त पडिक्कल (201) का स्ट्राइक रेट उनकी आक्रामकता दर्शाता है। इन शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने मिलकर महज चार मैचों में 52 छक्के जड़े हैं।

विराट कोहली की फिटनेस पर सबकी नज़र

मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में विराट कोहली के टखने में हल्की चोट आई थी। हालांकि, फैंस के लिए राहत की बात यह है कि कोहली अपने पैर में पट्टी बांधकर अभ्यास के लिए मैदान पर उतरे, जिससे उनके खेलने की संभावना प्रबल हो गई है।

लखनऊ की उम्मीदें शमी पर

लखनऊ सुपर जायंट्स फिलहाल तालिका में सातवें स्थान पर है। उनकी सबसे बड़ी ताकत उनकी गेंदबाजी है। मोहम्मद शमी की 6.2 की इकॉनमी इस सीजन में गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ है। शमी के साथ प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, लेकिन चिन्नास्वामी की सपाट पिच पर उन्हें कड़ी परीक्षा देनी होगी।

LSG की कमजोरी बल्लेबाजी

ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ की टीम के लिए बल्लेबाजी अब तक कमजोर कड़ी साबित हुई है। चार मैचों में कप्तान पंत के बल्ले से केवल 103 रन निकले हैं। मिचेल मार्श, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन जैसे बड़े नाम अब तक अपनी लय हासिल नहीं कर पाए हैं।

अंक तालिका का समीकरण

आरसीबी फिलहाल 6 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है। वे शीर्ष पर मौजूद राजस्थान रॉयल्स से केवल दो अंक पीछे हैं। लखनऊ के खिलाफ जीत उन्हें शीर्ष की ओर मजबूती से बढ़ाएगी।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।