टीआरपी डेस्क। राजस्थान की 12 साल की बाएं हाथ की तेज गेंदबाज सुशीला मीना का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है। नेट्स पर गेंदबाजी करते हुए उनके शानदार एक्शन और तकनीक ने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को बेहद प्रभावित किया। सचिन ने न केवल यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया, बल्कि भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को भी टैग करते हुए सुशीला के गेंदबाजी एक्शन की तुलना उनसे कर दी।

जहीर खान की झलक सुशीला के एक्शन में

सुशीला के गेंदबाजी एक्शन में जहीर खान की झलक देखी जा सकती है। जिस तरह जहीर जम्प लेकर अपने हाथ को रोकते हुए गेंद फेंकते थे, सुशीला का एक्शन भी बिल्कुल वैसा ही है। खास बात यह है कि वीडियो में सुशीला बिना जूतों के नंगे पैर गेंदबाजी कर रही हैं।

सचिन और जहीर ने की तारीफ

सचिन ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “स्मूथ, एफर्टलेस और देखने में मजा आता है। सुशीला मीना के एक्शन में आपकी झलक है जहीर खान। जहीर खान भी इस तारीफ में शामिल हुए। उन्होंने सचिन के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, मैं आपसे असहमत नहीं हो सकता। उनका एक्शन सरल और प्रभावी है। वह पहले ही काफी उम्मीदें जगा चुकी हैं।

See also  IND vs AUS : टी20 सीरीज के लिए हुआ टीम इंडिया का ऐलान, ये स्टार गेंदबाज बाहर

सचिन की टैलेंट पहचानने की क्षमता

सचिन तेंदुलकर टैलेंट को पहचानने के लिए मशहूर हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने किसी युवा खिलाड़ी की तारीफ की हो। इससे पहले, वह जम्मू-कश्मीर के पैरा क्रिकेटर आमिर हुसैन की भी प्रशंसा कर चुके हैं। आमिर के हाथ नहीं हैं, लेकिन वह अपने पैरों से गेंदबाजी करते हैं और गले और कंधे के बीच बल्ला फंसा कर बैटिंग करते हैं। सचिन ने आमिर की मेहनत और जुनून को सराहा था।

सुशीला मीना का यह वीडियो न केवल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना है, बल्कि भारतीय क्रिकेट में भविष्य के एक संभावित तेज गेंदबाज की झलक भी दिखाता है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।