Tea Leaves Adulteration: सुबह की शुरुआत चाय के बिना अधूरी लगती है। लेकिन जिस चायपत्ती से आप रोज चाय बनाते हैं, उसमें लोहे के बेहद बारीक कण मौजूद हो सकते हैं। चायपत्ती में ऐसी मिलावट का पता लगाने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने चुंबक की मदद से एक आसान घरेलू जांच का तरीका बताया है। इसके लिए आपको किसी लैब जाने की जरूरत नहीं है।
चायपत्ती की प्रोसेसिंग के दौरान मशीनों से बेहद बारीक लोहे के कण इसमें पहुंच सकते हैं। इसके अलावा मिलावट की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे कण चायपत्ती में मौजूद हैं या नहीं, इसका शुरुआती पता चुंबक की मदद से लगाया जा सकता है। हालांकि, सिर्फ इस घरेलू टेस्ट के आधार पर चायपत्ती को पूरी तरह शुद्ध या अशुद्ध नहीं माना जा सकता। यह केवल शुरुआती जांच का तरीका है।
चायपत्ती की जांच के लिए क्या चाहिए?
- एक सफेद कागज या साफ प्लेट
- एक छोटा चुंबक
घर पर ऐसे करें चायपत्ती का टेस्ट
सबसे पहले सफेद कागज या साफ प्लेट पर थोड़ी सी सूखी चायपत्ती डालें। इसे अच्छी तरह फैला दें, ताकि चायपत्ती की मोटी परत न बने और उसके कण आसानी से दिखाई दें। अब चुंबक को चायपत्ती के ठीक ऊपर रखें और धीरे-धीरे पूरी चायपत्ती के ऊपर घुमाएं। चुंबक को चायपत्ती में रगड़ने या दबाने की जरूरत नहीं है। इसे केवल सतह के करीब रखें। अगर चायपत्ती में लोहे के बारीक कण मौजूद हैं, तो वे चुंबक की ओर आकर्षित होकर उससे चिपक सकते हैं। ऐसी स्थिति में चायपत्ती में लोहे के कण होने की आशंका हो सकती है। वहीं, अगर चुंबक पर कोई कण नहीं चिपकता है, तो इस शुरुआती टेस्ट में लोहे की मिलावट सामने नहीं आती।
खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
चायपत्ती खरीदते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। हमेशा सीलबंद पैकेट वाली चायपत्ती खरीदें। पैकेट पर मौजूद लेबल, पैकिंग की तारीख और फूड सेफ्टी से जुड़ी जानकारी जरूर पढ़ें। लंबे समय से खुली रखी गई या बिना लेबल वाली चायपत्ती खरीदने से बचें।
घरेलू टेस्ट की भी है सीमा
चुंबक से की गई जांच केवल लोहे के चुंबकीय कणों की शुरुआती पहचान में मदद कर सकती है। इससे चायपत्ती की पूरी गुणवत्ता या हर तरह की मिलावट की जांच नहीं होती। किसी खाद्य पदार्थ की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक या प्रयोगशाला जांच की जरूरत पड़ सकती है।


