सोमवार, 14 सितंबर 2026 सोम, 14 सित |
संस्करण:
राष्ट्रीय

NEET Paper Leak पर फिर गरमाएगा दिल्ली का माहौल, 5 सितंबर को इंडिया गेट से मार्च

NEET Paper Leak पर फिर गरमाएगा दिल्ली का माहौल, 5 सितंबर को इंडिया गेट से मार्च
तस्वीर: The Rural Press फाइल / सौजन्य

NEET Paper Leak Protest: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में कथित धांधली और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर दिल्ली में छात्रों का आंदोलन फिर तेज होने जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए दोबारा सड़क पर उतरने का फैसला लिया गया है।

संगठन के मुताबिक, शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर को इंडिया गेट से नई दिल्ली स्थित पुलिस मुख्यालय तक बड़ा मार्च निकाला जाएगा। इसका नेतृत्व उन परिवारों के सदस्य करेंगे, जिन्होंने NEET विवाद के बीच अपने बच्चों को खोया है।

25 जुलाई के आश्वासनों पर अमल नहीं होने का आरोप

CJP के मुताबिक, 20 जून से जंतर-मंतर पर शुरू हुआ 36 दिवसीय आंदोलन 25 जुलाई को सरकार के साथ हुई बातचीत के बाद वापस लिया गया था। संगठन का कहना है कि सरकार की ओर से मिले आश्वासनों के बाद आंदोलन सद्भावना के तहत स्थगित किया गया था। संगठन के अनुसार, सरकार ने आंदोलनकारी छात्रों और युवाओं पर दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की बात कही थी। इसके अलावा परीक्षा से जुड़े तनाव और अनियमितताओं के कारण जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों के परिवारों को मुआवजा देने का भी आश्वासन दिया गया था। CJP का आरोप है कि एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद इन आश्वासनों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। संगठन ने सरकार पर मामले को टालने का आरोप लगाया है।

पीड़ित परिवारों की अगुवाई में निकलेगा मार्च

CJP ने बताया कि 5 सितंबर को प्रस्तावित मार्च इंडिया गेट से शुरू होगा और नई दिल्ली स्थित पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। संगठन के मुताबिक, मार्च की अगुवाई वे परिवार करेंगे, जिन्होंने NEET विवाद के बीच अपने बच्चों को खोया है। जुलाई में संसद मार्च के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज का सामना करने वाले छात्र भी मार्च में आगे रहेंगे। CJP ने देशभर के छात्र संगठनों और युवाओं से इसमें शामिल होने की अपील की है।

दिल्ली पुलिस ने कहा, अभी अनुमति नहीं मिली

मार्च के ऐलान के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, संगठन की ओर से प्रस्तावित मार्च के लिए अभी तक कोई आधिकारिक अनुमति पत्र नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि अनुमति के लिए आवेदन मिलने के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा। संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

विज्ञापन