टीआरपी डेस्क। अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही कई नियम बदलने जा रहे हैं। इनका सीधा असर आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर रेलवे टिकट बुकिंग, पेंशन स्कीम और UPI पेमेंट तक, कई बड़े बदलाव 1 अक्टूबर से लागू हो जाएंगे।

बदल सकती हैं एलपीजी सिलेंडर की कीमतें

हर महीने की तरह इस बार भी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव हो सकता है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत सभी बड़े शहरों में 8 अप्रैल 2025 को आखिरी बार दाम बदले गए थे। अब त्योहारों के सीजन की शुरुआत के साथ घरेलू गैस की नई दरें लागू होने की संभावना है। इससे करोड़ों परिवारों की जेब पर असर पड़ेगा।

रेलवे टिकट बुकिंग का नया नियम

रेलवे ने टिकट बुकिंग में हो रही धांधली रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है। 1 अक्टूबर 2025 से रिजर्वेशन खुलने के बाद पहले 15 मिनट तक केवल वे लोग ही ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे, जिनका आधार वेरिफिकेशन हो चुका है। यह नियम IRCTC ऐप और वेबसाइट दोनों पर लागू होगा। अभी तक यह सुविधा सिर्फ तत्काल टिकट पर लागू थी।

पेंशन योजनाओं से जुड़े बदलाव

पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने एनपीएस, यूपीएस, अटल पेंशन योजना और एनपीएस लाइट से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। अब नया PRAN खोलने पर सरकारी कर्मचारियों को E-PRAN किट के लिए 18 रुपये फीस देनी होगी। एनपीएस लाइट सब्सक्राइबर्स के लिए भी फीस स्ट्रक्चर को आसान बनाया गया है। ये बदलाव 1 अक्टूबर से लागू होंगे।

UPI पेमेंट में नई व्यवस्था

UPI यूजर्स के लिए भी बड़ा बदलाव आ रहा है। 1 अक्टूबर से P2P (पीयर-टू-पीयर) ट्रांजैक्शन हटाए जा सकते हैं। PhonePe, Google Pay और Paytm जैसे प्लेटफॉर्म पर यह फीचर सिक्योरिटी और फ्रॉड रोकने के मकसद से बंद किया जा सकता है। यह बदलाव लाखों यूजर्स की ट्रांजैक्शन आदतों को प्रभावित करेगा।

अक्टूबर में 21 दिन बैंक बंद रहेंगे

त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही बैंकों में भी लंबी छुट्टियां रहेंगी। आरबीआई की सूची के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में दशहरा, लक्ष्मी पूजा, महर्षि वाल्मीकि जयंती, दिवाली और छठ पूजा समेत कुल 21 दिन बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में बैंक से जुड़े कामकाज निपटाने से पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।