सर्चिंग के दौरान संयुक्त दस्ते पर नक्सलियों ने किया फायिरंग

रांची। नक्सली प्रभावित पड़ोसी राज्यों में कायराना हरकत कर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे है। झारखंड के चतरा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच बुधवार दोपहर के बाद मुठभेड़ हुई है। इसमें झारखंड पुलिस के दो जवान शहीद हो गए हैं, जबकि तीन अन्य जवानों को गोली लगी है। कुछ नक्सलियों को भी गोली लगने की बात कही जा रही है। शहीद जवानों में शुकन राम एवं सिकंदर सिंह शामिल हैं।

शुकन झारखंड के पलामू और सिकंदर बिहार के रहने वाले थे। गोली लगने से घायल हुए जवान आकाश कुमार को इलाज के लिए पहले चतरा सदर अस्पताल लाया गया। गंभीर अवस्था को देखते हुए बाद में उसे रांची रेफर कर दिया गया है। उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा है। दो अन्य जवान कृष्णा और संजय भी घायल हुए हैं।

एसडीपीओ संदीप सुमन ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। बताया गया है कि चतरा सदर थाना और जोरी थाना बॉर्डर पर बैरियो जंगल में पुलिस और सुरक्षा बलों का दस्ता सर्च ऑपरेशन पर निकला था, तब घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

See also  JHARKHAND BREAKING : चंपई सोरेन की सरकार फ्लोर टेस्ट में पास, पक्ष में पड़े इतने वोट...

जवाब में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा लेकर गोलियां चलाईं। कुछ नक्सलियों को गोली लगने की सूचना आ रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। सुरक्षा बल अभी भी जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। चतरा के उपायुक्त अबू इमरान और एसपी जवानों के शहीद होने की खबर पाकर चतरा सदर अस्पताल पहुंचे हैं।