बेल्जियम। म्यूटेशन बदलने से कोरोना वायरस के कई वेरिएंट्स घातक बन चुके हैं। हालांकि, बेल्जियम में एक अपने तरह का पहला मामला सामने आया है। यहां 90 साल की एक बुजुर्ग महिला कोरोना के एक नहीं बल्कि दो अलग-अलग वेरिएंट्स से एक साथ संक्रमित हुई और अब महिला की मौत हो चुकी है। जांच में पाया गया कि महिला कोरोना के अल्फा और बीटा दोनों ही वेरिएंट्स से संक्रमित थी। इस मामले ने शोधकर्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।

महिला ने कोरोना रोधी टीका नहीं लिया था और घर में अकेले रह रही थी। हालांकि, तेजी से तबीयत बिगड़ने के बाद मार्च महीने में महिला को बेल्जियम के आल्स्ट शहर में ओएलवी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसी दिन महिला की कोरोना जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। शुरुआत में महिला का ऑक्सीजन स्तर अच्छा रहा लेकिन उसकी तबीयत तेजी से खराब होती गई और सिर्फ पांच दिनों के अंदर महिला की मौत हो गई।

मेडिकल स्टाफ ने जब यह पता लगाने की कोशिश की कि महिला कोरोना के किस वेरिएंट से संक्रमित हुई थी तो पता लगा कि महिला में कोरोना का अल्फा स्ट्रेन भी था, जो ब्रिटेन में सबसे पहले मिला था और बीटा वेरिएंट भी, जो सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में पाया गया था।

ओएलवी अस्पताल में मॉलीक्यूलर बायोलॉजिस्ट और रिसर्च टीम की हेड ऐनी वेंकीरबर्गन के मुताबिक, ‘उस समय बेल्जियम में ये दोनों वेरिएंट फैल रहे थे, ऐसे में संभव है कि महिला को दो लोगों से अलग-अलग वेरिएंट्स मिले हों। हालांकि, अभी तक यह नहीं पता लगा है कि वह कैसे संक्रमित हुई।’

रिसर्च टीम हेड ने यह भी कहा कि फिलहाल यह बता पाना भी मुश्किल है कि दो वेरिएंट्स से संक्रमित होने के कारण महिला की हालत तेजी से खराब हुई या किसी और वजह से। एक्सपर्ट्स ने ऐसे मामलों की भयावहता का पता लगाने के लिए अभी और शोध किए जाने की जरूरत जाहिर की है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।