CG Jal Jeevan Mission Scam: रायपुर/मुंगेली। केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजना जल जीवन मिशन के कार्यों की जांच के लिए केंद्रीय टीम आने से पहले राज्य ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। कांग्रेस शासन काल में गड़बड़ी करने वाले ठेकेदारों को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने नोटिस दिया है।

मुंगेली जिले में समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले 70 ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द अधूरे कार्य पूरे नहीं किए गए, तो संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

विभागीय सख्ती की यह कार्रवाई जल जीवन मिशन के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक के हालिया मुंगेली प्रवास के बाद सामने आई है। दौरे के दौरान उन्होंने कलेक्टर कुंदन कुमार के साथ जिले के विभिन्न गांवों में मिशन के अंतर्गत चल रहे पेयजल परियोजनाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण में यह पाया गया कि कई योजनाएं तय समय-सीमा से पीछे चल रही हैं और कार्यों में ठेकेदारों की लापरवाही व उदासीनता प्रमुख कारण बनकर उभरी है।

See also  Chandrakhuri Ram Statue Controversy: राजनीति में फंसे भगवान राम, ग्वालियर से आई प्रतिमा 6 माह से धूल फांक रही

योजना के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों को समय पर शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। ऐसे में कार्यों की गति तेज की जाए और लापरवाह ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया जाए।