PM की सुरक्षा में चूक: सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जस्टिस इंदु मल्होत्रा की अगुवाई में होगी जांच

नई दिल्ली/चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर में सुरक्षा चूक पर सुप्रीम कोर्ट ने जांच कमेटी बना दी है। यह जांच सुप्रीम कोर्ट की रिटायर्ड जस्टिस इंदु मल्होत्रा की अगुवाई में होगी।

उनके साथ NIA के DG के प्रतिनिधि के तौर पर IG, चंडीगढ़ के DGP, पंजाब के ADGP सिक्योरिटी और पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को रखा गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार को पीएम की विजिट से जुड़ा सारा रिकॉर्ड जांच कमेटी की चेयरपर्सन जस्टिस इंदु मल्होत्रा को देने के लिए कहा है।

केंद्र और राज्य की जांच बंद

पीएम की सुरक्षा में चूक के बाद केंद्र और राज्य सरकार ने जांच शुरू कर दी थी। राज्य ने हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस मेहताब सिंह गिल की अगुवाई में गृह सचिव अनुराग वर्मा के साथ जांच कमेटी बना दी।

वहीं केंद्र ने भी इंटेलिजेंस ब्यूरो और SPG अफसरों के साथ सुरक्षा सचिव की अगुवाई वाली जांच कमेटी बना दी। सुप्रीम कोर्ट में मामला पहुंचा तो यह दोनों जांच अब बंद कर दी गईं।

15-20 मिनट फ्लाई ओवर पर रहे पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जनवरी को पंजाब आए थे। उन्हें फिरोजपुर में 42 हजार के प्रोजेक्टों के नींव पत्थर रखने के साथ चुनावी रैली को संबोधित करना था। मौसम खराब होने की वजह से पीएम सड़क मार्ग से रवाना हुए थे। हालांकि प्यारेआणा गांव पहुंचने पर उन्हें फ्लाई ओवर पर रुकना पड़ा।

आगे कुछ लोगों ने हाईवे ब्लॉक कर रखा था। प्यारेआणा फ्लाई ओवर पर पीएम करीब 15 से 20 मिनट खड़े रहे। इसके बाद पीएम का काफिला वापस लौट आया।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।