मौत की अटकलों को झूठा साबित करने फिर सामने आए उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन
मौत की अटकलों को झूठा साबित करने फिर सामने आए उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन

प्योंगयांग। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन एक महीने के बाद फिर अचानक दिखाई दिए हैं। किम के गायब होने के बाद पूरी दुनिया में उनके मौत की अटकलें लगाई जा रही थी।

दरअसल, उत्तर कोरिया की सत्ता में किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग के बढ़ते राजनीतिक कद को लेकर अफवाह की शुरुआत हुई थी। पिछले साल 17 दिसंबर को जब किम जोंग उन अपने पिता की बरसी पर भी नहीं दिखे तो अमेरिकी और पश्चिमी देशों की मीडिया ने उत्तर कोरिया में तख्तापलट या बीमार होने का अंदेशा जताया था।

एक महीने बाद पहली बार दिए दिखाई

उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने बताया कि उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग-उन को लगभग एक महीने तक गायब रहने के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से देखा गया है। एजेंसी ने यह भी कहा कि किम जोंग ने गवर्निंग पार्टी के राजनीतिक ब्यूरो की पहली बैठक में भाग लिया। इस बैठक के दौरान उन्होंने वर्ष की पहली छमाही में विभिन्न क्षेत्रों में पॉलिसी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

आखिरी बार 6 मई को आए थे नजर

दक्षिण कोरिया की योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, बैठक से पहले किम जोंग-उन को आखिरी बार 6 मई को सार्वजनिक रूप से देखा गया था। तब उन्होंने उत्तर कोरियाई सैनिकों और उनके परिवारों के साथ एक तस्वीर खिंचवाई थी। बताया जा रहा है कि 2021 में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किम जोंग उन इतने लंबे समय से गायब थे। इससे पहले 2020 में भी वह कई महीनों तक नजर नहीं आए थे।

किम जोंग को लेकर जारी था अफवाहों का दौर

विशेषज्ञों का मानना है कि किम जोंग उन के लापता होने का संबंध कोरोना वायरस लॉकडाउन से हो सकता है। उत्तर कोरिया ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कई तगड़े प्रतिबंध लगाए हुए हैं। हालांकि, उत्तर कोरिया में कोरोना संक्रमण की स्थिति के बारे में किसी को भी कुछ पता नहीं है।

किम ने दावा किया था कि उनके देश में कोरोना का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है। इसी कारण उत्तर कोरिया ने टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने से भी इनकार किया हुआ है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम और वॉट्सएप पर…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।