BREAKING : रायपुर नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष होंगी मीनल चौबे, भाजपा ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

रायपुर। भाजपा ने रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की कमान मीनल चौबे को सौंपी है. रायपुर नगर निगम के चुनाव के लगभग 1 साल पूरे होने के बाद भाजपा ने शुक्रवार शाम को नेता प्रतिपक्ष की घोषणा की।

रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के लिए भाजपा के तीन पार्षदों में सबसे ऊपर मीनल चौबे का नाम था। इसके बाद सूर्यकांत राठौड और मृत्युंजय दुबे भी नेता प्रतिपक्ष की रेस का हिस्सा रहे। गुरुवार को करीब 4 घंटे चली बैठक बेनतीजा रही थी। सभी पार्षदों को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुलाया गया था।

हर पार्षद से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी और रायपुर जिले के प्रभारी खूबचंद पारख ने बंद कमरे में चर्चा की थी। नगर निगम में इस वक्त 3 निर्दलीय, 38 कांग्रेस और 29 भाजपा के पार्षद हैं।

तीन बार पार्षद चुनाव जीत चुकीं मीनल चौबे भाजपा में संगठन के स्तर पर भी सक्रिय हैं। इस वक्त रायपुर की नगर निगम में सीनियर पार्षदों में से एक हैं। जब भाजपा से महापौर तय करने को लेकर समीकरण बन रहे थे, तब भी मीनल का नाम सुझाया गया था।

नगर निगम में इस बार महिला पार्षदों का भी दब-दबा है। दूसरी तरफ सूर्यकांत राठौड़ पहले भी नेता प्रतिपक्ष रह चुके थे। इस बार पार्षदों की बैठक में नए चेहरे को मौका दिए जाने की चर्चा जोरों पर रही। करीब सालभर पहले भी नेता प्रतिपक्ष को लेकर हुई चर्चा में मीनल चौबे का नाम कई पार्षदों ने सुझाए थे।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।