मुंबई। मायानगरी मुंबई से एक बड़ी और डरावनी खबर सामने आई है। गोरेगांव ईस्ट स्थित प्रसिद्ध ‘फिल्म सिटी’ में सोमवार शाम अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरातफरी और हड़कंप मच गया। यह हादसा रिलायंस मीडियावर्क्स के करीब और प्राइम फोकस स्टूडियो के ठीक पीछे बने एक अस्थायी शूटिंग सेट पर हुआ।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग की सूचना शाम 4:02 बजे मिली, जिसके बाद फायर ब्रिगेड ने इसे ‘लेवल-1’ की आपात स्थिति घोषित करते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की।
शूटिंग का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख
आग इतनी तेजी से फैली कि उसने अस्थायी पीसीआर (PCR) यूनिट को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में शूटिंग से जुड़ी भारी संपत्ति और महंगे उपकरणों का बड़ा नुकसान हुआ है। इलेक्ट्रिकल वायरिंग, साउंड सिस्टम, एसी यूनिट्स, बड़े केबल्स, लकड़ी के तख्ते, दरवाजे, बांस और प्लास्टिक के शेड्स जलकर पूरी तरह राख हो गए।
राहत की बात यह रही कि फायर ब्रिगेड की टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए शाम 4:55 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है।
रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ का सेट था शामिल
सूत्रों और शुरुआती जानकारियों के मुताबिक, जिस सेट में आग लगी वह बॉलीवुड डायरेक्टर नितेश तिवारी की बहुचर्चित और भव्य फिल्म रामायण से जुड़ा था, जिसमें अभिनेता रणबीर कपूर मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, आग लगने की असली वजह और कुल आर्थिक नुकसान का सटीक आकलन अभी किया जा रहा है।
मौके पर बीएमसी (BMC) फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, बीएमसी वार्ड कंट्रोल और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें एहतियातन तैनात रहीं।
आसपास बने दो अन्य शो के सेट्स भी आए चपेट में
आग का असर सिर्फ ‘रामायण’ के सेट तक सीमित नहीं रहा। पास के ही स्टूडियो में लगे MTV के पॉपुलर शो ‘Hustle 5’ और ‘पति, पत्नी और पंगा 2’ के सेट्स भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी शूटिंग ठप हो गई।
शुरुआती रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले ‘पति, पत्नी और पंगा 2’ के सेट पर भड़की थी, जो हवा के रुख के साथ देखते ही देखते पास बने ‘Hustle 5’ और ‘रामायण’ के सेट तक फैल गई।



