नई दिल्ली। गलवान घाटी में सोमवार रात चीनी सैनिकों से हुई झड़प के बाद सेना ने चीन से लगी सभी सीमाओं के अग्रिम मोर्चों पर अपनी तैनाती बढ़ा दी है। सीमा से सटे कई गांवों को भी खाली कराया जा रहा है। इस बीच, मौजूदा हालात सामान्य करने के लिए सैन्य कमांडर स्तर पर हुई बातचीत में गुरुवार को सेना ने फिर साफ कर दिया है कि गलवान घाटी में पहले की स्थिति बहाल करने के अलावा चीन के पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है। वहीं गलवान घाटी पर दावा ठोकने की चालबाजी में लगी चीनी सेना के रुख की वजह से लगातार तीसरे दिन भी बातचीत का कोई हल नहीं निकला।

भारत-चीन के सैन्य कमांडर स्तर की बैठक गुरुवार को भी गलवान घाटी के प्वाइंट-14 के करीब ही हुई, जहां सोमवार रात भीषण हिंसक झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। सामरिक सूत्रों ने बताया कि चीन भले इस घटना में अपने हताहतों की संख्या पर मुंह नहीं खोल रहा, मगर उसके करीब 45 सैनिक हताहत हुए हैं। इस बीच भारतीय सेना ने अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि भारत का कोई सैनिक सोमवार की झड़प के बाद से लापता नहीं है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।