महाराष्ट्र के सतारा में बंधक बनाये गये श्रमिकों को सरिया पुलिस की मदद से लाया गया वापस... अपनों से मिले तो चेहरे पर आयी मुस्कान...
महाराष्ट्र के सतारा में बंधक बनाये गये श्रमिकों को सरिया पुलिस की मदद से लाया गया वापस... अपनों से मिले तो चेहरे पर आयी मुस्कान...

रायगढ़। जिले के सरिया थानाक्षेत्र के ग्राम सांकरा के 13 ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी देखते ही बनती थी, जब वे नव वर्ष में अपनों से मिले। सभी ग्रामीण पिछले एक माह से महाराष्ट्र के सतारा में शक्कर कारखाने में बंधक बनाये गये थे। पुलिस अधीक्षक रायगढ़ अभिषेक मीना की संजीदगी एवं उनके मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी सरिया उप निरीक्षक कमल किशोर पटेल की त्वरित कार्रवाई से श्रमिकों को रायगढ़ लाया जा सका ।

थाना प्रभारी सरिया उप निरीक्षक कमल किशोर पटेल ने बताया कि पिछले दिनों ग्राम सांकरा के कुछ ग्रामीणों ने थाने में आकर बताया कि गांव के 13 महिला-पुरूष को सतारा (महाराष्ट्र) में एक ठेकेदार द्वारा बंधक बनाया गया है। गन्ना फैक्टरी में ग्रामीणों को अधिक मजदूरी दिलाने का प्रलोभन देकर ले गया था, जहां कम मजदूरी देकर उन्हें प्रताडित किया जा रहा है।

सतारा जिला प्रशासन से ली गई मदद

इस मामले को गंभीरतापूर्वक लेते हुए उप निरीक्षक कमल किशोर पटेल ने जिला सतारा के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर रायगढ़ के ग्रामीणों को बंधक बनाये जाने की जानकारी दी। वहीं एसपी अभिषेक मीना द्वारा सतारा के पुलिस अधीक्षक से चर्चा की गयी, जिसके बाद सतारा कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित शक्कर कारखाने से श्रमिकों को छुड़वाया गया। इन्हें लेने के लिए श्रम विभाग एवं थाना सरिया की एक संयुक्त टीम बनाकर सतारा भेजा गया।

ग्रामीणों ने पुलिस का जताया आभार

आज जब श्रमिक ट्रेन से रायगढ़ स्टेशन पर उतरे तब उनका रेल्वे स्टेशन पर थाना प्रभारी सरिया द्वारा पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। घर वापस लौटे श्रमिकों के चेहरे पर काफी दिनों बाद अपनों से मिलने की खुशी उनके मुस्कान से देखी जा सकती थी, वे सभी पुलिस का आभार जता रहे थे। थाना प्रभारी सरिया ने सभी को ग्राम सांकरा उनके घर तक पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था की। थाना प्रभारी ने बताया कि संबंधित लेबर कॉन्ट्रेक्टर के विरूद्ध विधि अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्राम, कू और वॉट्सएप, पर
…

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।