Dilapidated Roads Becoming Deadly: प्रदेश भर में जर्जर सड़कों का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। यहां लगभग हर रोज हादसे हो रहे हैं। बारिश के चलते सड़कों पर निर्मित गड्ढों का पता नहीं चलता और वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। ऐसी ही एक घटना कसडोल-कटगी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई, जहां सड़क के गड्ढे से उछलकर एक एम्बुलेंस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 6 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।

यह हादसा ग्राम पीसीद स्थित जायसवाल ढाबा के पास हुआ। खरोरा की एम्बुलेंस (CG 04 PP 4032) रायपुर से मरीजों का इलाज कराकर ओडिशा के बरगढ़ लौट रही थी। वाहन में मरीज, परिजन, चालक और हेल्पर समेत कुल 8 लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे से एम्बुलेंस उछल गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एम्बुलेंस सड़क पर पलट गई।

See also  BILASPUR: सुप्रीम कोर्ट का आदेश, गारे पेलमा कोयला खदान में नई जनसुनवाई जरूरी, लेकिन खनन नहीं रुकेगा

ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना देकर बचाई जान

हादसे की सूचना मिलते ही कसडोल थाना की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसी दौरान ग्राम छांछी के निजी एम्बुलेंस चालक हरनारायण साहू भी अपनी दो एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

दो की हालत नाजुक

दुर्घटना में घायलों को काफी गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक 6 घायलों में से दो की हालत गंभीर है, जबकि चार अन्य खतरे से बाहर हैं। राहत की बात यह रही कि एम्बुलेंस का चालक और हेल्पर सुरक्षित हैं।

जर्जर सड़कों पर फिर उठे सवाल

इस हादसे के बाद जिले ही नहीं प्रदेश भर की बदहाल सड़कों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और उनमें भरे पानी की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ मरीजों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ रही है।

See also  एकलव्य विद्यालय में मारपीट का मामला : 8 सीनियर छात्रों पर जुर्म हुआ दर्ज

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही सड़क की स्थिति को लेकर संबंधित विभाग को भी सूचना भेजकर सुधार कार्य करने की मांग की गई है।

FAQ: बालोदाबाजार एम्बुलेंस हादसा

सवाल 1. हादसा कहां हुआ ?

कसडोल-कटगी नेशनल हाईवे, ग्राम पीसीद, जायसवाल ढाबा के पास

सवाल 2. कितने लोग घायल हुए ?

6 लोग घायल, 2 की हालत गंभीर

सवाल 3. एम्बुलेंस कहां से कहां जा रही थी ?

रायपुर से ओडिशा के बरगढ़

सवाल 4. हादसे की वजह क्या रही ?

सड़क पर गहरे गड्ढे से एम्बुलेंस उछली और पलट गई

सवाल 5. मदद के लिए कौन पहुंचा ?

डायल-112 टीम, कसडोल पुलिस और स्थानीय ग्रामीण