टीआरपी डेस्क। CG Accident : सूरजपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के कोटमी गांव के पास नेशनल हाईवे 43 पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रक का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

रेस्क्यू टीम को शव निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। ड्राइवर का शव केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने में कई घंटे लग गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाया और वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई।

घायलों को एंबुलेंस से तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ, हालांकि सटीक कारणों की जांच जारी है।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है।