तिरुचि (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के तिरुचि से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 6 साल के एक बच्चे ने चॉकलेट समझकर जिलेटिन की छड़ को जैसे ही मुंह में रखा, उसका मुंह केरल की हथिनी की तरह उड़ गया। इस दुखद घटना में बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

मछली पकड़ने में होता है जिलेटिन की छड़ का इस्तेमाल

पुलिस के अनुसार, बच्चे का नाम विष्णु देव था और वह अपने पिता भूपति और बड़े भाई गंगाधरण के साथ तिरुचि जिले के थोट्टियम ब्लॉक स्थित अलॉगिरी गांव में रहता था। बच्चे के पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और वह अपने बड़े बेटे गंगाधरण के साथ पास ही में बह रही कॉवेरी नदी में मछली पकडऩे के लिए जिलेटिन छड़ों का इस्तेमाल करते थे।

गंगाधरण अपने दोस्तों मोहनराज और तमिलसरन के साथ सेल्वाराज के पास पहुंचा और उससे जिलेटिन के तीन छड़ ली। जिलेटिन की इन छड़ों का इस्तेमाल नदी में विस्फोट करने के लिए होता है, जिससे मछलियां जाल की तरफ आती हैं और उसमें फंस जाती हैं। सेल्वाराज पास के ही पप्पापट्टी गांव का रहने वाला है और वह पत्थरों को तोडऩे का काम करता है, इसके लिए वह जिलेटिन छड़ों का इस्तेमाल करता है।

See also  ब्यूरोक्रेसी से पंगा लेना मंहगा पड़ा डॉ.विवेक चौधरी को, अधीक्षक पद से छुटटी

पुलिस के अनुसार, गंगाधरण और उसके साथियों ने तीन में से दो छड़ों का इस्तेमाल कर लिया और बची हुई एक छड़ घर लाकर वापस रख दिया। इसी बची हुई एक छड़ को विष्णु ने चॉकलेट समझकर खाने के लिए मुंह में रखा। जैसे ही उसने इसे दांत से चबाया, जिलेटिन की छड़ में विस्फोट हो गया, जिससे उसका मुंह उड़ गया। विस्फोट की आवाज सुनते ही भूपति और गंगाधरण वहां पहुंचे और घायल विष्णु को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

इस घटना से डरे हुए दोनों पिता-पुत्र ने विष्णु का उसी रात अंतिम संस्कार कर दिया और इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। बाद में पुलिस को गांव वालों से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद विष्णु के पिता भूपति और उसके बड़े भाई गंगाधरण समेत मोहनराज और सेल्वाराज को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तमिलासरन की तलाश जारी है, जो घटना के बाद से फरार है।

See also  ब्रेकिंग: सड़क हादसे में शबाना आजमी घायल, मुंबई-पुणे हाईवे पर ट्रक से टकराई कार

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।