नई दिल्ली। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने केरल में एक गर्भवती हथिनी को जान से मार डालने की घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उसके हत्यारों को पकड़ने के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

जावड़ेकर ने कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। जावड़ेकर ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार ने केरल के मल्लपुरम में इस हथिनी की मृत्यु पर घटना को गंभीरता से लिया है और उसने इसकी जांच करा कर हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय संस्कृति नहीं है कि पटाखों से किसी जानवर को मार दिया जाए।


केरल सरकार से मांगा जवाब


वहीं केंद्र सरकार ने इस पूरे मामले में केरल सरकार से रिपोर्ट तलब की है। दूसरी तरफ हथिनी की मौत की जांच का निर्णय केरल सरकार ने लिया है। सोशल मीडिया पर इस घटना की काफी निंदा हो रही है और लोगों ने इसके दोषी लोगों को तत्काल गिरफ्तार करने और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।


पहले भी इसी तरह से हुई थी एक हथिनी की मौत


बता दें कि केरल में एक गर्भवती हथिनी मानवीय क्रूरता का शिकार हो गई। उसे किसी व्यक्ति ने पटाखे से भरा अनानास खाने को दिया जिसकी वजह से वह बुरी तरह से घायल हो गई और पानी में खड़े-खड़े ही उसकी मौत हो गई। इससे एक महीने पहले भी एक हथिनी की मौत इसी तरह से हुई थी।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।