अमेजन पर छत्तीसगढ़ हर्बल्स की धूम, कुछ ही घंटों में स्टॉक हुआ खत्म... राज्य लघु वनोपज संघ ने की व्यवस्था

रायपुर। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अमेजन पर बिक्री के उतरे छत्तीसगढ़ के हर्बल उत्पादों की धूम मची हुई है। इन्हें लांच किए जाने के कुछ ही घंटों भीतर इतने अधिक ऑर्डर हुए कि विभिन्न उत्पादों का स्टेटस करंटली-अनएवलेबल दिखाई देने लगा।

हालांकि छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ ने तत्काल पहल करते हुए मांग के अनुरूप आपूर्ति की व्यवस्था कर दी है। इन उत्पादों की बिक्री के लिए छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा अमेजन से करार किया गया है। छत्तीसगढ़ के हर्बल उत्पाद अब ’छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के ब्रांड नाम से ऑनलाइन प्लेटफार्म अमेजन एप पर उपलब्ध हो गए हैं।

अमेजन पर छत्तीसगढ़ के प्रोडक्ट्स की लॉचिंग के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ हर्बल्स का उत्पाद खरीदने वाले पहले ग्राहक बने थे। उन्होंने इस एप पर महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार ‘वन शहद‘ के लिए ऑर्डर किया था। वन शहद, आर्गेनिक बस्तर काजू, चिरौंजी, महुआ लड्डू जैसे 23 उत्पाद अब अमेजन पर उपलब्ध हो गए हैं।

See also  कोरबा में एल्युमिनियम पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू, CSEB के बंद पड़े पॉवर प्लांट की जमीन पर उद्योग विभाग करेगा पार्क स्थापित

छत्तीसगढ़ राज्य लघुवनोपज संघ ने अमेजन से उसके सहेली प्रोग्राम के अंतर्गत महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए करार किया है। अमेजन के सहेली प्रोग्राम के तहत एक टीम, महिला उद्यमियों के द्वारा बनाए उत्पादों को विशेष सहायता एवं उनकी बिक्री बढ़ाने के लिए ट्रेनिंग प्रदान करती है। लगभग 13 लाख 50 हजार वनवासी परिवारों के उत्थान के लिए छत्तीसगढ़ राज्य लघुवनोपज संघ द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वनवासी जनजातियों द्वारा एकत्रित लघुवनोपजों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद कर, उन्हें महिला स्वसहायता समूहों द्वारा संचालित, वन धन विकास केंद्रों में विभिन्न उपभोक्ता उत्पादों में परिवर्तित किया जाता है। छत्तीसगढ़ के वनों के इन अमूल्य लघु वनोपजों से बने उत्पादों को छत्तीसगढ़ हर्बल्स के ब्रांड से मार्केट में उपलब्ध कराया जा रहा है। वन शहद, आर्गेनिक बस्तर काजू, चिरौंजी, महुआ लड्डू जैसे अनेक उत्पाद अब अमेजन पर भी वितरित किए जा रहे हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।