दुल्हन
छत्तीसगढ़: जब पुलिस थाने पहुंची दुल्हन के घर के लिए निकली बारात

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में जगदलपुर जिले के दरभा विकासखंड में रविवार को शादी से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया। यहां ग्राम पखनार देवापारा निवासी एक परिवार द्वारा प्रशासन को झांसे में रखकर नाबालिग बेटे का विवाह रचाया जा रहा था। दरअसल, नाबालिग के परिवार वालों ने लड़के के रिश्ते में भाई लगने वाले युवक के नाम से प्रशासन से अनुमति लेने के बाद शादी का कार्ड भी उसके नाम पर छपवाया था। इतना ही नहीं, बारात गाड़ी में भी इसी कार्ड को चस्पा करा दिया था, ताकि पकड़ में न आएं। लेकिन इसकी सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग तक पहुंच गई।

इधर रविवार दोपहर में बारात पखनार से दुल्हन के गांव भडरीमऊ के लिए निकल चुकी थी। विभाग के अधिकारियों व पुलिस की टीम ने उनका पीछा किया और रास्ते में रोककर दरभा थाने लाए। पूछताछ के बाद बारात को पखनार बैरंग लौटा दिया गया।

लड़का और लड़की दोनों नाबालिग

जिला बाल संरक्षण इकाई में विधिक सह परीविक्षा अधिकारी संतोष वैद्य ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों नाबालिग हैं। दूल्हा के स्वजनों ने विवाह की अनुमति के लिए तहसीलदार कार्यालय में आवेदन दिया था। लड़के की उम्र कम होने से अनुमति नहीं मिली। इस पर परिवार के लोगों ने रिश्ते में बड़ा भाई लगने वाले एक युवक के नाम से प्रशासन से विवाह की अनुमति ले ली और उसकी आड़ में नाबालिग की शादी करा रहे थे।

See also  CG News: साय सरकार के नए बजट की तैयारी शुरू, वित्त विभाग ने सभी विभागों से मांगी योजनाओं की क्रियान्वयन रिपोर्ट, 10 दिसंबर से विभागवार चर्चा

पुलिस कर रही मामले की जाँच

वैद्य ने बताया कि लड़का और लड़की के नाबालिग होने के कारण सार्वजनिक रूप से उनका और उनके परिवार का नाम उजागर नहीं किया जा रहा है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। कार्रवाई में परियोजना अधिकारी यू खोब्रागढ़े, जिला बाल संरक्षण इकाई में सलाहकार रंजीता देवांगन आदि भी शामिल थे। बारात को थाने पहुंचाने के बाद अधिकारियों की टीम लड़की के घर भडरीमऊ भी गई और उसके स्वजनों को समझाकर विवाह रुकवाया।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर

 

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।